DIET गुरुग्राम में अक्टूबर माह को समर्पित रहा 3Rs अभियान, विद्यार्थियों ने सीखा कचरे का सदुपयोग
Reduce, Reuse और Recycle की थीम पर जिले के विद्यालयों में आयोजित हुईं विभिन्न जागरूकता गतिविधियां, ई-वेस्ट प्रबंधन पर भी दिया गया विशेष जोर
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 31 अक्टूबर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), गुरुग्राम द्वारा सतत विकास लक्ष्यों (SDG) के अंतर्गत अक्टूबर माह में 3Rs (Reduce, Reuse, Recycle) थीम का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया गया। इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं भावी शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन और संसाधनों के उचित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं स्व-वित्तपोषित शिक्षक शिक्षा संस्थानों में यह अभियान एसडीजी समन्वयक DIET गुरुग्राम सविता रानी के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सतत विकास लक्ष्य-12 के तहत जिम्मेदार उपभोग एवं उत्पादन को बढ़ावा देना तथा लक्ष्य-13 के अंतर्गत जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
अभियान के दौरान विद्यालयों में प्रातःकालीन सभाओं में 3Rs की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने नारा लेखन, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ ही हरे, नीले एवं लाल डस्टबिन के माध्यम से गीले, सूखे एवं प्लास्टिक कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने की जानकारी दी गई। प्रत्येक बुधवार को नो प्लास्टिक डे मनाकर प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए प्रेरित किया गया।
बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र
अभियान के अंतर्गत आयोजित बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पुरानी बोतलों, अखबारों, गत्ते एवं अन्य अनुपयोगी वस्तुओं से आकर्षक और उपयोगी सामग्री तैयार की। वहीं, ई-वेस्ट मैनेजमेंट अभियान के तहत पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों एवं अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री के सुरक्षित संग्रहण और प्रबंधन के प्रति जागरूकता फैलाई गई। विद्यार्थियों ने ई-वेस्ट संग्रहण अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भावी शिक्षकों को भी दिया गया प्रशिक्षण
स्व-वित्तपोषित शिक्षक शिक्षा संस्थानों में कार्यशालाओं के माध्यम से बीएड एवं डीएलएड प्रशिक्षुओं को 3Rs की अवधारणा को कक्षा शिक्षण से जोड़ने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षुओं ने अनुपयोगी सामग्री से शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) तैयार की। इसके अतिरिक्त स्वच्छ परिसर अभियान, अपशिष्ट ऑडिट एवं जागरूकता रैलियों का आयोजन कर आसपास के विद्यालयों और समुदाय तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया।
DIET गुरुग्राम के सभी सदस्यों द्वारा समय-समय पर विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं समुदाय के लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की गईं।
सविता रानी ने दिया जिम्मेदारी का संदेश
एसडीजी समन्वयक सविता रानी ने कहा, "मेरा कचरा, मेरी जिम्मेदारी। जो उपयोग करें उसे कम करें, जो है उसका पुनः उपयोग करें और जो बचे उसका पुनर्चक्रण करें।" उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का उपयोग कम करना और पर्यावरण को स्वच्छ रखना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।
अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए। अधिक से अधिक विद्यालयों एवं शिक्षक शिक्षा संस्थानों ने इसमें भागीदारी की। विद्यार्थियों में कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने की आदत विकसित करने तथा प्लास्टिक का उपयोग कम करने के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
DIET गुरुग्राम की इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों और भावी शिक्षकों को यह संदेश दिया गया कि छोटे-छोटे प्रयासों और सामूहिक सहभागिता से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।