वाटिका एक्सप्रेशंस के 100 से अधिक निवासियों का प्रदर्शन, 4S डेवलपर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 11 नवंबर। गुरुग्राम के सेक्टर-88 स्थित वाटिका एक्सप्रेशंस सोसाइटी के 100 से अधिक निवासियों ने कथित पथराव और सोसाइटी की चारदीवारी जबरन गिराए जाने के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।
निवासियों का आरोप है कि 6 और 7 नवंबर की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे 4S डेवलपर्स से जुड़े कुछ लोग तीन जेसीबी मशीनों के साथ सोसाइटी पहुंचे और चारदीवारी का एक हिस्सा गिरा दिया। इस दौरान कथित तौर पर सुरक्षा कर्मियों और निवासियों पर पथराव भी किया गया। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस और पीसीआर तैनात करनी पड़ी।
प्रदर्शन में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में निवासियों ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध जताया। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री, पुलिस आयुक्त और वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने तथा 4S डेवलपर्स और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
निवासियों कैलाश बार्थवाल, हकीकत राणा और रामेश्वर राणा सहित अन्य लोगों ने कहा कि सोसाइटी में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की।
निवासियों ने स्पष्ट किया कि जब तक प्रशासन ठोस कार्रवाई नहीं करता और परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उनका शांतिपूर्ण विरोध जारी रहेगा।