मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस पर बदरीनाथ-केदारनाथ में विशेष पूजा-अर्चना!!
बीकेटीसी ने मुख्यमंत्री के दीर्घायु और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की, यमकेश्वर महादेव मंदिर में भी हुआ जलाभिषेक!!
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 51वें जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की ओर से बदरीनाथ धाम में मुख्यमंत्री के नाम से महाभिषेक तथा केदारनाथ धाम में रुद्राभिषेक पूजा संपन्न कराई गई। इस दौरान मुख्यमंत्री के दीर्घायु, स्वस्थ जीवन तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।
बीकेटीसी अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता हेमंत द्विवेदी के गृह क्षेत्र यमकेश्वर स्थित पौराणिक श्री यमकेश्वर महादेव मंदिर में भी मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। हेमंत द्विवेदी ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर मुख्यमंत्री के दीर्घायु और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूजा के बाद प्रसाद वितरित किया गया।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस को भाजपा संगठन और विभिन्न संस्थाओं की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत धार्मिक एवं सेवा कार्यक्रमों के साथ मनाया जा रहा है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर आशीर्वाद दीप भी प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गुरुवार 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस मनाया जाएगा। इसके साथ ही सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी एक माह तक प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ विभिन्न धार्मिक और सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बीकेटीसी के अनुसार बदरीनाथ धाम में धर्माधिकारी आचार्य स्वयंवर सेमवाल, वेदपाठी वाणी विलास डिमरी और वेदपाठी आचार्य अमित बंदोलिया ने मुख्यमंत्री के नाम से महाभिषेक पूजा संपन्न कराई। केदारनाथ धाम में पुजारी टी. गंगाधर लिंग एवं धर्माचार्यों ने मुख्यमंत्री के नाम से रुद्राभिषेक किया। दोनों धामों में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी पूजा-अर्चना में भाग लिया।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि देवभूमि के प्रमुख धामों में विशेष पूजा का उद्देश्य प्रदेश में शांति, समृद्धि और खुशहाली तथा मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना करना है।