'भूखे प्यासों के लिए कुछ तो जोड़िए घट में, एक मुट्ठी ही सही रोज ही डाला करिए'
दीपावली पर जरूरतमंदों को बांटे गए नए कपड़े, कालपी विधायक पुत्र के आतिथ्य में हुआ कार्यक्रम
कोंच। 'भूखे प्यासों के लिए कुछ तो जोड़िए घट में, एक मुट्ठी ही सही रोज ही डाला करिए' की भावना के साथ सैकड़ों गरीबों को नित्य प्रति भोजन कराने वाली नगर की प्रमुख समाजसेवी संस्था दरिद्र नारायण सेवा समिति आश्रम में गुरुवार को नए वस्त्रों का वितरण किया गया ताकि जरूरतमंदों की दीवाली भी नए लकदक कपड़ों में मन सके। इस दौरान तकरीबन सैकड़ा भर महिलाओं, पुरुषों व बच्चों को कपड़े प्रदान किए गए। बतौर मुख्य अतिथि कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी के पुत्र आशू चतुर्वेदी ने कहा, उन्हें यह देख कर आत्मिक सुख की अनुभूति हुई है यहां न सिर्फ गरीबों को रोज भोजन ही कराया जाता है बल्कि जरूरतमंदों की अन्य सुख-सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाता है। उन्होंने कहा कि कोई गरीब भूखा न रह सके इसकी चिंता के साथ साथ जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने में भी संस्था अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
यहां गोखलेनगर स्थित दरिद्र नारायण सेवा समिति आश्रम में गुरुवार को समाजसेवी ब्रजनंदन नगाइच की अध्यक्षता एवं कालपी विधायक के पुत्र आशू चतुर्वेदी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित वस्त्र वितरण कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि एसडीएम अनीता देवी, गजराज सिंह सेंगर, प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह, सुशील दूरवार, मुनीश शुक्ला, विकास पटेल धनौरा आदि मंचस्थ रहे। सेवा समिति के भंडारे में भोजन करने आने वाले जरूरतमंदों को दीपावली पर नए कपड़ों, मिठाई और कुछ द्रव्य का तोहफा दिया गया ताकि उनकी भी दीवाली नए लकदक कपड़ों में मन सके। अतिथियों ने कहा कि दरिद्र नारायण सेवा समिति के कार्य दूसरों के लिए प्रेरणास्पद है। भूख के खिलाफ निर्णायक जंग लड़ रही इस संस्था को खुले मन से बढ़ावा दिए जाने की जरूरत है। कार्यक्रम को प्रियाशरण नगाइच, राजीव रेजा, श्रीकांत गुप्ता आदि ने भी संबोधित किया। संचालन संस्था के संयोजक कढोरेलाल यादव ने किया। इस दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी, प्रभुदयाल गौतम, अहमद खां कड़ू मामा, सेठ नासिर, हाजी मोहम्मद अहमद, प्रधान विरगुवां रवि गौतम, केशव बबेले, प्रधव मिश्रा, शिवांग दुवे, उज्जवल तिवारी आदि मौजूद रहे।
Konch, Jalaun | Nov 7, 2026