कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुँचाने के लिए जिले में शुरू हुआ श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर।
आज दिनांक 27 अगस्त 2026 को नवादा सदर प्रखंड अंतर्गत सोनसिहारी पंचायत के पंचायत सरकार भवन में “श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर” का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि श्री गुरु संत रविदास जी महान समाज सुधारक थे, जिन्होंने अपनी लेखनी एवं वाणी के माध्यम से समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त करने की आवाज उठाई। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने ‘बेगमपुरा’ जैसे ऐसे समाज की परिकल्पना की थी, जहाँ किसी प्रकार का भेदभाव, पीड़ा या अवसाद न हो।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी पंचायतों एवं महादलित टोलों तक पहुँचकर पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। विकास मित्रों के साथ-साथ पदाधिकारी एवं कर्मी क्षेत्र में पहुँचकर लोगों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त करेंगे। शिविर में विभिन्न योजनाओं से संबंधित 22 प्रकार की सेवाओं के लिए आवेदन प्राप्त किए जाएंगे-:
1. सार्वजनिक वितरण प्रणाली से आच्छादन (राशन कार्ड)
2. उज्ज्वला योजना से आच्छादन
3. औपचारिक शिक्षा हेतु विद्यालय में दाखिला
4. आंगनबाड़ी से संबंधित सेवाएँ
5. जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र से आच्छादन
6. आयुष्मान कार्ड निर्माण
7. कुशल युवा कार्यक्रम/कौशल विकास कार्यक्रम
8. मुख्यमंत्री निःशक्त स्वयं सहायता भत्ता योजना
9. ई-श्रम कार्ड एवं बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में निबंधन (श्रमिक कार्ड)
10. आयुष्मान भारत कार्ड/स्वास्थ्य कार्ड/हेल्थ कैंप
11. प्रधानमंत्री आवास योजना से आच्छादन
12. वास-भूमि/बंधोबस्ती
13. सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएँ—इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित
14. जीविका केंद्र से संबंधित योजनाएँ
15. हर घर नल-जल योजना से आच्छादन
16. मुख्यमंत्री ग्रामीण पक्की गली-नाली निश्चय योजना
17. मनरेगा जॉब कार्ड से आच्छादन
18. प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से आच्छादन
19. बिजली कनेक्शन
20. जीविका समूह/सतत जीविकोपार्जन योजना से आच्छादन
21. ग्रामीण कार्य विभाग से संबंधित योजनाएँ एवं मुख्यमंत्री टोला संपर्क योजना
22. स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)/लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत सामुदायिक एवं व्यक्तिगत शौचालय
साथ ही क्षेत्र की अन्य समस्याओं एवं नई योजनाओं की आवश्यकता से संबंधित सुझावों को भी संबंधित विभाग एवं सरकार के स्तर तक पहुँचाया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने पूर्व में संचालित ‘डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि उस अभियान के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज कर संबंधित विभागों के माध्यम से उनके निष्पादन की कार्रवाई की गई थी। इसी प्रकार इस विकास शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन की ऑनलाइन प्रविष्टि की जाएगी तथा उसके निष्पादन की निरंतर निगरानी की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ ससमय निष्पादन सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक आवेदन के निष्पादन का निरंतर अनुश्रवण करें।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं लाभ प्रदान किया गया। 5 लाभार्थियों को राशन कार्ड, 20 लाभार्थियों को जन्म प्रमाण-पत्र, 6 लाभार्थियों को श्रम कार्ड, 20 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड तथा 2 लाभार्थियों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन प्रदान किया गया।
इसके साथ ही आज निर्धारित रोस्टर के अनुसार जिले के विभिन्न पंचायतों एवं महादलित टोलों में भी श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर गोपनीय शाखा प्रभारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), प्रखंड विकास पदाधिकारी, 20-सूत्री के सदस्य सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी एवं कर्मी, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 27, 2026