समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार’ अभियान का शुभारंभ, 5 लाख महिला लाभुकों को राशि का अंतरण एवं 10 हजार महिलाओं को ऋण वितरण।
आज दिनांक 27 अगस्त 2026 को बापू सभागार, पटना में माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी के कर-कमलों द्वारा ‘समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार’ अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 5 लाख महिला लाभुकों को राशि का अंतरण तथा जीविका निधि के माध्यम से 10 हजार महिला लाभुकों को ऋण वितरण किया गया।
उक्त राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश की उपस्थिति में समाहरणालय सभाकक्ष में किया गया। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं जीविका दीदियों द्वारा माननीय मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा एवं सुना गया।
राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा आय-सृजन के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना एवं जीविका निधि के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही आर्थिक सहायता से महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय एवं मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर भी किया गया। इसके माध्यम से नशामुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सहयोग को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, गोपनीय शाखा प्रभारी, निदेशक (डीआरडीए), डीपीएम (जीविका), डीपीओ (मनरेगा) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं जीविका दीदियाँ उपस्थित रहीं।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 27, 2026