अंधरवारी पंचायत भवन में आयोजित हुआ शखी वार्ता कार्यक्रम।
महिला एवं बाल विकास निगम, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति योजना के तहत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW), नवादा के तत्वावधान में गुरुवार, 27 अगस्त 2026 को रजौली प्रखंड स्थित अंधरवारी पंचायत भवन में शखी वार्ता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों के साथ बड़ी संख्या में किशोर-किशोरियों एवं बच्चों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर महिलाओं एवं बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा तंत्र तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। लैंगिक विशेषज्ञ मयंक प्रियदर्शी ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961 के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह एवं दहेज जैसी कुप्रथाओं के उन्मूलन तथा बेटियों की शिक्षा एवं समग्र विकास पर जोर दिया।
महिला हेल्पलाइन के टोल-फ्री नंबर 181 की जानकारी देते हुए महिलाओं को घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, दहेज प्रताड़ना एवं अन्य संकट की स्थिति में उपलब्ध सहायता के बारे में बताया गया। वहीं लैंगिक विशेषज्ञ पंकज कुमार ने लैंगिक हिंसा एवं पोक्सो (POCSO) अधिनियम के प्रावधानों पर चर्चा करते हुए बच्चों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श (Good Touch-Bad Touch) के प्रति जागरूक किया। साथ ही, आपातकालीन चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी दी गई।
वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमन कुमार ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 के संबंध में जानकारी देते हुए ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, यूपीआई एवं कार्ड फ्रॉड, फर्जी प्रोफाइल, ब्लैकमेलिंग तथा सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों एवं किशोरियों ने अपनी जिज्ञासाएं एवं समस्याएं साझा कीं, जिनका मौके पर समाधान किया गया। उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए महिला एवं बाल सुरक्षा तथा सामाजिक कुप्रथाओं के उन्मूलन में सहयोग का संकल्प लिया।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 27, 2026