करवा चौथ पर सूना हुआ सुहाग, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
संतकबीरनगर। करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र की कामना करने वाली पत्नी की दुनिया सड़क हादसे में उजड़ गई। महुली थाना क्षेत्र के हरिहरपुर निवासी वीरेन्द्र यादव (पुत्र सर्वजीत यादव) की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे से परिवार में मातम पसरा है।
वीरेन्द्र की शादी करीब तीन से चार वर्ष पहले हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक की उम्र करीब ढाई वर्ष और दूसरे की लगभग एक वर्ष है। खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले वीरेन्द्र समाजवादी पार्टी से जुड़े युवा नेता भी थे।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे बनियाबारी स्थित कृष्णा पैलेस के सामने मोटरसाइकिल से जुड़ा हादसा हुआ, जिसमें उनकी जान चली गई। पति की मौत से पत्नी का सुहाग उजड़ गया और दोनों मासूम बच्चे पिता के स्नेह से वंचित हो गए। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Oct 29, 2026