40 करोड़ की लागत से बने बाजार समिति के भवनों का प्रधानमंत्री करेंगे उद्घाटन, डीएम ने लिया तैयारियों का जायजा
जहानाबाद :
शहर के राजाबाजार में अवस्थित
बाजार समिति के लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से
नवनिर्मित भवनों एवं विभिन्न दुकानों का उद्घाटन प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे।प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर सोमवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने बाजार समिति परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि बाजार समिति परिसर में नवनिर्मित प्रशासनिक भवन, प्याज एवं आलू बाजार, फल बाजार, खुदरा बाजार तथा पशुधन क्षेत्र सहित विभिन्न संरचनाओं का उद्घाटन प्रस्तावित है। डीएम ने प्रशासनिक भवन के शेष निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने तथा उद्घाटन से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को बाजार समिति परिसर,आंतरिक सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई कराने तथा कचरे का उचित उठाव सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बाजार समिति में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक को परिसर में थाना आउटपोस्ट स्थापित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा। उन्होंने नवनिर्मित भवनों और दुकानों के समुचित रखरखाव एवं व्यवस्थित संचालन पर भी जोर दिया।
Jehanabad, Jehanabad | Nov 17, 2026