भोपाल मंडल में राजभाषा पखवाड़ा–2026 का शुभारंभ
मंडल रेल प्रबंधक ने किया राजभाषा पखवाड़े का शुभारंभ, 26 सितंबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
अनोखा तीर, भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल में दिनांक 14 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा–2026 का आयोजन किया जा रहा है। राजभाषा पखवाड़े का शुभारंभ 14 सितंबर मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी द्वारा किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी विजय सिंह, राजभाषा अधिकारी वृजेन्द्र कुमार सहित अन्य शाखा अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने कहा कि हिंदी हमारे देश की व्यापक संपर्क भाषा है तथा भारतीय रेल जैसे विशाल संगठन में आमजन से सहज एवं प्रभावी संवाद स्थापित करने में राजभाषा हिंदी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने तथा राजभाषा के प्रचार-प्रसार में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
भोपाल मंडल द्वारा राजभाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पखवाड़े के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं, परिचर्चाओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। जिसके अंतर्गत प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगें।
14 सितंबर, सोमवार: राजभाषा पखवाड़ा–2026 का शुभारंभ, मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 145वीं बैठक तथा अधिकारी प्रश्न मंच का आयोजन किया गया। 15 सितंबर, मंगलवार: टिप्पण आलेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। 16 सितंबर, बुधवार: हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन होगा। प्रतियोगिता का विषय “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और हिंदी राजभाषा के अनुवाद और लेखन में आधुनिक तकनीक का योगदान” रखा गया है। 17 सितंबर, गुरुवार: वाक् प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का विषय “डिजिटल इंडिया और राजभाषा हिंदी: ई-गवर्नेंस में हिंदी की भूमिका और चुनौतियां” रहेगा। 21 सितंबर, सोमवार: कर्मचारी प्रश्नमंच का आयोजन किया जाएगा। 26 सितंबर, शनिवार: राजभाषा पखवाड़ा–2026 का समापन समारोह, पुरस्कार वितरण एवं हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन नर्मदा क्लब में दोपहर 3:00 बजे से किया जाएगा।
भोपाल मंडल द्वारा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से राजभाषा पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने तथा राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग एवं प्रसार में अपना योगदान देने की अपील की गई है।
Harda, Harda | Sep 14, 2026