गुर्जर युवा संसद में सामाजिक नेतृत्व, शिक्षा और रोजगार पर हुआ मंथन
युवाओं ने सामाजिक उत्थान और संगठन की मजबूती को लेकर साझा किए विचार
अनोखा तीर, टिमरनी/हरदा। श्री भुआणा प्रांतीय गुर्जर युवा सभा हरदा (नयाखेड़ा) के तत्वावधान में युवाओं की आवाज को मंच प्रदान करने और समाज के विकास का संकल्प लेकर ‘गुर्जर युवा संसद’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम टिमरनी स्थित नवयुवक गुर्जर संस्था क्षेत्र टिमरनी के मंगल भवन परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें भुआणा क्षेत्र के बड़ी संख्या में गुर्जर युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
युवा संसद के दौरान युवाओं ने सामाजिक उत्थान, सामाजिक नेतृत्व, संस्कार, शिक्षा, सामाजिक नीति, संगठन और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर अपने विचार रखे। संवाद के माध्यम से समाज को वैचारिक रूप से मजबूत बनाने तथा युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
दिग्गजों ने बढ़ाया युवाओं का उत्साह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं वक्ताओं के रूप में भुआणा प्रांतीय गुर्जर सभा हरदा के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण दुंगाया, हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने, खरगोन से युवा किसान विजय चौधरी, सतवास से युवा हेमराज गुर्जर, सामाजिक कार्यकर्ता धन्नालाल दोगने, चुन्नीलाल रायखेरे एवं ओमप्रकाश मोरछले उपस्थित रहे।
इसके अलावा श्री भुआणा गुर्जर युवा सभा के अध्यक्ष संजय बिजगावने, नयाखेड़ा अध्यक्ष रामविलास चौधरी, भोपाल से सीए रामनिवास गुर्जर, इंदौर से संजय सनखेरे सहित गुर्जर नवयुवक संस्था क्षेत्र खिरकिया, सिराली एवं रहटगांव के अध्यक्षगण तथा जनप्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे।
अतिथियों और वक्ताओं ने युवाओं को जीवन में आगे बढ़ने, शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने तथा समाज में अपनी नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। खुले मंच पर हुए संवाद में सामाजिक नीति, संगठन की मजबूती और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को लेकर विचार-विमर्श हुआ।
युवाओं की भागीदारी से आयोजन सफल
कार्यक्रम का संचालन भुआणा प्रांतीय गुर्जर युवा सभा हरदा के सचिव नीरज खोरे गुर्जर ने किया। कार्यक्रम के अतिथियों, वक्ताओं एवं युवाओं का आभार नवयुवक संस्था क्षेत्र टिमरनी के अध्यक्ष मनीष दोगने ने व्यक्त किया।
कार्यक्रम में युवा सभा उपाध्यक्ष बसंत महंत, नवयुवक संस्था टिमरनी के अजय पटेल, जगदीश गुर्जर, राकेश गुर्जर, विनोद बांके, उमेश गुर्जर, सुनील रात्रे, ओमप्रकाश बंड गुर्जर, ज्ञानदास गुर्जर, मनोज गुर्जर सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा उपस्थित रहे। युवाओं की सक्रिय सहभागिता और सहयोग से गुर्जर युवा संसद का आयोजन सफल रहा।
Harda, Harda | Sep 14, 2026