नवीन पांडे प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अनिल राजपूत प्रदेश सचिव नियुक्त
सोसाइटी फॉर प्राइवेट स्कूल डायरेक्टर्स मध्य प्रदेश की प्रदेश स्तरीय बैठक भोपाल में संपन्न
भोपाल। सोसाइटी फॉर प्राइवेट स्कूल डायरेक्टर्स मध्य प्रदेश की प्रदेश स्तरीय बैठक भोपाल स्थित होटल पुखराज में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा प्रदेश की 35 सदस्यीय नई प्रदेश स्तरीय टीम का गठन किया गया। बैठक के दौरान संगठन को प्रदेशभर में और अधिक सक्रिय, सशक्त एवं प्रभावी बनाने को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संगठन के संस्थापक एवं केंद्रीय नेतृत्व समिति के अध्यक्ष दीपक सिंह राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रदेश के निजी विद्यालय संचालकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, विद्यालयों की समस्याओं तथा शिक्षा के क्षेत्र में संगठन की आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।
इसी क्रम में हरदा जिले के नवीन पांडे को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा अनिल राजपूत को प्रदेश सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रदेश स्तर पर दोनों पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण दायित्व मिलने की जानकारी के बाद हरदा जिले के निजी विद्यालय संचालकों एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों में हर्ष का माहौल है। जिलेभर से नवीन पांडे एवं अनिल राजपूत को लगातार बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की जा रही हैं।
नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष नवीन पांडे एवं प्रदेश सचिव अनिल राजपूत ने संगठन के केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी का पूर्ण ईमानदारी, लगन और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका प्रमुख उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, निजी विद्यालयों की समस्याओं का समाधान तथा प्राइवेट स्कूलों के उत्थान एवं विकास के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करना रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के निजी विद्यालय संचालकों को एक मजबूत मंच प्रदान करने, उनकी समस्याओं को उचित स्तर तक पहुंचाने तथा शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए संगठन के साथ मिलकर निरंतर प्रयास किए जाएंगे। साथ ही निजी विद्यालयों के हितों से जुड़े विषयों को उचित मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने का भी प्रयास किया जाएगा।
नवीन पांडे एवं अनिल राजपूत की नियुक्ति पर हरदा जिले के निजी विद्यालय संचालकों सहित शिक्षा जगत से जुड़े विभिन्न लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उत्तम सिंह चौहान, जय कनवा, अंकुश अग्रवाल, शैलेंद्र राजपूत, जय सिंह राजपूत, सचिन अग्रवाल, नारायण शर्मा एवं योगेंद्र मौर्य सहित अनेक लोगों ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
Harda, Harda | Sep 14, 2026