Public App Logo
Profile Picture

Manish Pawar

@anokha_teer
380Followers
0Following
हरदा में विकास कार्यों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज 🔥

पूर्व मंत्री कमल पटेल ने पत्रकार वार्ता में कांग्रेस विधायक डॉ. आर.के. दोगुनी पर निशाना साधते हुए कहा—
“विकास हमारा काम है, विरोध करना उनका काम है।”

हरदा-पोखरनी मार्ग समेत कई विकास कार्यों को लेकर दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है।

<nis:link nis:type=tag nis:id=harda nis:value=Harda nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=kamalpatel nis:value=KamalPatel nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=hardanews nis:value=HardaNews nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=madhyapradesh nis:value=MadhyaPradesh nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=politicalnews nis:value=PoliticalNews nis:enabled=true nis:link/>
डॉ. जयंतीलाल भंडारी को हरिहर लहरी सम्मान

अनोखा तीर, इंदौर। बाबूजी श्री हरिहर जी लहरी सम्मान समारोह समिति की संयोजिका राजेश्वरी विजय जोशी ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि सांसद शंकर लालवानी, डॉ. विनायक पाण्डे और अन्य अतिथियों ने इस वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित हरिहर लहरी सम्मान से देश के ख्याति प्राप्त शिक्षाविद और अर्थशास्त्री डॉ. जयंतीलाल भंडारी को इंदौर प्रेस क्लब के सभागार में आयोजित समारोह में सम्मानित किया। प्रारंभ में मां शारदा की वंदना डॉ. शशि निगम ने प्रस्तुत की। शिक्षाविद स्वर्गीय लहरी जी के विषय में साहित्यकार दिनेश तिवारी उपवन, केदार त्रिपाठी, शिवकुमार धनोतिया, सतीश शर्मा आदि ने विचार प्रस्तुत किए। इस पुनीत अवसर पर कवि, लेखक व समीक्षक संजय एम तराणेकर, समाजसेवी कमल तिवारी, सुनील चौधरी, दिलीप नीमा आदि विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम बहुत ही यादगार और अविस्मरणीय रहा। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. भंडारी ने कहा कि आज का यह दिन मेरे जीवन का गौरवशाली दिन है। महान शिक्षाविद व मूर्धन्य साहित्यकार श्री हरिहर लहरी जी के नाम पर स्थापित यह सम्मान प्राप्त होना मेरे लिए अत्यंत गर्व का विषय है। कार्यक्रम की सूत्रधार श्रीमती राजेश्वरी विजय जोशी थीं। इस अवसर पर अरविंद तिवारी, के. सी. शर्मा और वीरेंद्र व्यास सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित थे। संचालन अनुराग जोशी ने किया व आभार प्रदर्शन ए के जोशी ने व्यक्त किया। यह जानकारी लेखक हरिहर सिंह चौहान ने दी।
अधिकारियों ने जनसुनवाई में सुनी नागरिकों की समस्याएं

अनोखा तीर, हरदा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरोत्तम भार्गव, अपर कलेक्टर अनुपमा चौहान एवं पुरुषोत्तम कुमार ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित 'जनसुनवाई कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनी और उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, एसडीएम टिमरनी शैलेन्द्र बड़ोनिया, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्वेता बम्होरे सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे। जनसुनवाई में ग्राम खुमी निवासी सुमन गवलान ने आवेदन देकर आर्थिक सहायता की मांग की, जिस पर जनपद पंचायत सीईओ को आवेदिका की पात्रता अनुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। हरदा की जय शक्ति होम कॉलोनी के रहवासियों ने पाइपलाइन कार्य के बाद गड्ढों को न भरने के संबंध में तथा हरदा की शिव शक्ति कॉलोनी के रहवासियों ने मूलभूत सुविधाएं प्राप्त न होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी को रहवासियों की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम अबगांवखुर्द निवासी दीपक करोड़े ने समय पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की, जिस पर उप संचालक कृषि को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम कनारदा निवासी सुनिताबाई सरवरे ने अपनी कृषि भूमि से अतिक्रमण हटवाने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर तहसीलदार हरदा को आवेदिका की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए।
थोक मंडी में फुटकर सब्जी व्यापार करने वालों पर होगी कार्यवाही

अनोखा तीर, हरदा। हरदा के कृषि उपज मंडी प्रांगण में सब्जी के थोक व्यापारियों ने फुटकर धंधा भी शुरू कर दिया। इनके कारण शहर के विभिन्न इलाकों में फुटकर सब्जी बेचने वाले छोटे एवं मध्यमवर्गीय सब्जी विक्रेताओं को नुकसान उठाना पड़ रहा था। इन फुटकर सब्जी विक्रेताओं ने अपनी समस्या से जिला प्रशासन एवं मंडी प्रशासन को अवगत भी कराया, परंतु कोई समाधान नहीं हुआ। सोमवार शाम को हरदा स्थित कार्यालय में फुटकर सब्जी विक्रेताओं ने प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल से मुलाकात की और अपनी समस्या से अवगत कराया। जिस पर लंबे समय से परेशान फुटकर सब्जी विक्रेताओं की समस्या का तुरंत हल भी हो गया। जिससे उनके चेहरे खिल उठे और सभी ने पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल को दिल से धन्यवाद दिया। भाजपा के सोशल मीडिया हरदा विधानसभा सह संयोजक आशुतोष पाराशर ने बताया कि हरदा के फुटकर सब्जी विक्रेताओं ने पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल को बताया कि हम सभी व्यापारी वर्षों से निर्धारित स्थल पर दुकान लगाकर फुटकर सब्जी बेचते हैं। इसी व्यवसाय से हम अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। यही हमारा एकमात्र रोजगार है। लेकिन पिछले लंबे समय से मंडी प्रांगण के थोक लाइसेंसधारी सब्जी व्यापारी खुलेआम फुटकर व्यापार कर रहे हैं। वे 250 ग्राम, 500 ग्राम, 1 किलो तक सब्जी आम ग्राहकों को बेच रहे हैं, जबकि उनके पास केवल थोक विक्रय का लाइसेंस है। इससे हमारी सब्जियां खराब हो रही हैं, हमें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। फुटकर सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में मंडी सचिव, कलेक्टर एवं एसडीएम को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फुटकर व्यापारियों की पीड़ा को सुनते ही पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने प्रदेश के कृषि मंत्री के ओएसडी अखिलेश चौहान एवं हरदा मंडी सचिव को सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि मंडी में कोई भी थोक व्यापारी फुटकर व्यवसाय न करे, यदि कोई ऐसा करता है तो संबंधित थोक व्यापारी का लाइसेंस तत्काल निरस्त करने की कार्रवाई करें। पूर्व कृषि मंत्री पटेल ने सख्त निर्देश दिए कि अब मंडी प्रांगण में लाइसेंसधारी थोक व्यापारियों द्वारा किसी भी हाल में फुटकर व्यापार नहीं किया जाना चाहिए। यह मंडी प्रशासन पूरी तरह से सुनिश्चित करे। वहीं पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल के अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देशों से फुटकर सब्जी विक्रेताओं में खुशी छा गई और सभी ने तालियां बजाकर पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल का अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राजू वर्मा, संजय पटेल, रमेश सोलंकी, अर्जुन कुशवाह सहित बड़ी संख्या में फुटकर सब्जी विक्रेता उपस्थित थे।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन

अनोखा तीर, हरदा। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को जिले के परियोजना हरदा अंतर्गत हरदा शहरी, हरदा ग्रामीण-1 व 2 में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। परियोजना हरदा शहरी के आंगनबाड़ी केंद्र वृंदावन नगर में कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों का उपस्थित अतिथियों ने स्वागत किया। इस दौरान अतिथियों ने छोटी-छोटी कन्याओं का कन्या पूजन किया। कार्यक्रम में जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य राजेश वर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया। संदेश वाचन के बाद आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और आशा कार्यकर्ता व मातृ सहयोगिनी समिति की अध्यक्ष को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर छोटे-छोटे बच्चों को गतिविधियां कराई गई। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र पर आम और जामुन का पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी 6 वर्ष के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा बच्चों को फल एवं मिठाइयों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य राजेश वर्मा, राजू कमेडिया, योग माया शर्मा, प्रीति गहलोत, महिमा बिश्नोई, राजेश गोदारा, राजेश चौरसिया एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी विवेक शर्मा, परियोजना अधिकारी अनुराग दुबे सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी कर्मचारी व हितग्राही उपस्थित थे। इसी प्रकार परियोजना ग्रामीण-1 के आंगनवाड़ी केंद्र कमताड़ा-1 में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गेहलोत सहित ग्राम पंचायत सरपंच लक्ष्मीबाई इवने सहित अन्य अतिथि की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
खुशियों की दास्तां
-पीएम स्वनिधि योजना बनी सहारा, हरदा के प्रवीण शर्मा की बदली जिंदगी

अनोखा तीर, हरदा। केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना गरीब, छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना न केवल आर्थिक संबल दे रही है, बल्कि कई परिवारों को आत्मनिर्भरता की नई राह भी दिखा रही है। ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी है हरदा शहर के वार्ड 17 निवासी प्रवीण शर्मा की, जिन्होंने शून्य से शुरुआत कर आज अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रवीण पिछले 10 वर्षों से शहर में पोस्ट ऑफिस के पास चाय का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनकी छोटी सी दुकान से ही पूरे परिवार की रोजी-रोटी चलती थी। लेकिन कोरोना काल के लॉकडाउन ने उनकी जिंदगी में संकट ला दिया। लॉकडाउन के दौरान उनकी जमा-पूंजी पूरी तरह खत्म हो गई। परिवार चलाने के लिए उन्हें मजबूरी में ब्याज पर पैसा लेना पड़ा, जिससे उन पर कर्ज का बोझ बढ़ने लगा। ऐसे कठिन समय में उन्हें नगर पालिका, हरदा के माध्यम से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी मिली। अधिकारियों ने उन्हें योजना के लाभ और प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। प्रवीण ने तत्काल नगर पालिका में आवेदन किया। नगर पालिका द्वारा संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्परता से उनका आवेदन स्वीकृत करवाया गया। योजना के तहत उन्हें तीन चरणों में बिना किसी गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया गया। प्रवीण को प्रथम चरण में 10 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 20 हजार रुपये एवं तृतीय चरण में 50 हजार रुपये की ऋण सहायता प्राप्त हुई। प्रवीण ने बताया कि इस राशि से उन्होंने अपना व्यवसाय फिर से शुरू किया। उन्होंने अपने ठेले का नवीनीकरण किया, नई सामग्री खरीदी और गुणवत्तापूर्ण सेवा शुरू की। आज उनका व्यवसाय पहले से कहीं बेहतर चल रहा है। खास बात यह है कि आज वे स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ दो अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करवा रहे हैं। समय पर ऋण चुकाने से उनका सिविल स्कोर भी बेहतर हुआ है, जिससे भविष्य में उन्हें बैंक से और अधिक सहायता मिलने का रास्ता खुल गया है। प्रवीण शर्मा ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जिला प्रशासन, हरदा का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि जैसी योजना ने हम जैसे छोटे व्यापारियों को साहूकारों के चंगुल से मुक्ति दिलाई है।
देश के लिए मर मिटने वाले भगत सिंह का नाम भुलाया नहीं जा सकता 

अनोखा तीर, हरदा। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर नगर पालिका हरदा स्थित शहीद गैलरी में भारतीय जनता युवा मोर्चा हरदा द्वारा शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका बलिदान हर युवा के लिए प्रेरणा है। भाजयुमो पूर्व जिला अध्यक्ष विजय जेवल्या ने कहा कि देश के लिए हंसते-हंसते फांसी के फंदे पर झूल जाने वाले शहीद भगत सिंह का नाम कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को भगत सिंह के बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। भगत सिंह का जन्म 27 सितंबर 1907 को लायलपुर जिले के बंगा में हुआ था जो अब पाकिस्तान में है। उनका पैतृक गांव खट्कड़ कलां है जो पंजाब, भारत में है। महज 23 वर्ष की आयु में उन्हें ब्रिटिश सरकार ने फांसी पर चढ़ा दिया था। इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा पूर्व जिला अध्यक्ष विजय जेवल्या, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र पाल, भूपेंद्र तोमर, अमित चार, संदीप बिश्नोई, विष्णु गोदारा, सुमित गोयल, रोहित लाठी, कंचन सोलंकी, अनिल श्रीवास, रोहित सोनकर, सुनील सेंगवा सहित युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत एक दिवसीय स्टार्टअप बूट कैंप का आयोजन

अनोखा तीर, हरदा। तकनीकी शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार सेवा से संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, हरदा में विद्यार्थियों में स्टार्टअप, उद्यमिता, नवाचार एवं स्वरोजगार के प्रति जागरूकता एवं रुचि विकसित करने के उद्देश्य से एक दिवसीय 'स्टार्टअप बूट कैंप 2026Ó का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसजीएसआईटीएस इन्क्यूबेशन फोरम के माध्यम से आमंत्रित विशेषज्ञ तन्मय मुखर्जी, सुधीर उर्श्वरेश, अपूर्व गायक, डॉ. अशोक अतुलकर एवं आकाश राठौर द्वारा विद्यार्थियों को उद्यमिता विकास एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप की अवधारणा, नवाचार, उद्यम स्थापना, स्वरोजगार के अवसर तथा व्यावसायिक विचारों को सफल उद्यम में परिवर्तित करने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। साथ ही विद्यार्थियों को अपने कौशल एवं रचनात्मक विचारों के माध्यम से रोजगार प्राप्तकर्ता के साथ-साथ रोजगार प्रदाता बनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर संवाद किया तथा अपने प्रश्नों के समाधान प्राप्त किए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमशीलता की भावना विकसित करना तथा उन्हें स्वरोजगार एवं स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर संस्था की प्राचार्य डॉ. अभिरुचि सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को बदलती औद्योगिक एवं रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए संस्था द्वारा भविष्य में भी स्टार्टअप, उद्यमिता, नवाचार एवं स्वरोजगार से संबंधित ऐसे उपयोगी सेमिनार, कार्यशालाएं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से इन अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इंटर जनरेशनल बॉन्डिंग एक्टिविटीज से जुड़ी युवा पीढ़ी और वरिष्ठजन
-वृद्धाश्रम में विद्यार्थियों ने बुजुर्गों के साथ साझा किए ज्ञान, कला और कौशल

अनोखा तीर, हरदा। शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा वरिष्ठजनों और युवा पीढ़ी के बीच संवाद एवं आपसी जुड़ाव बढ़ाने के उद्देश्य से निरंतर इंटर जनरेशनल बॉन्डिंग एक्टिविटीज आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में कार्यक्रम के दूसरे चरण के अंतर्गत मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना एवं स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने स्थानीय वृद्धाश्रम पहुंचकर वरिष्ठजनों के साथ विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं वरिष्ठजनों के बीच ज्ञान का आदान-प्रदान, कला एवं कौशल साझा करने सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने फलों की सहायता से फ्रूट चार्ट तैयार कर वरिष्ठजनों को इसके माध्यम से रचनात्मक एवं स्वास्थ्यवर्धक जानकारी देने का प्रयास किया। वहीं वरिष्ठजनों ने भी अपने अनुभव, जीवन से जुड़ी सीख एवं ज्ञान विद्यार्थियों के साथ साझा किया। इस अवसर पर उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग कमलेश सिंह ने बताया कि भारत सरकार की इस पहल का उद्देश्य विभिन्न पीढ़ियों के बीच संवाद को मजबूत करना तथा युवा एवं वरिष्ठजनों को एक-दूसरे के अनुभवों और विचारों से जोड़ना है। विभाग द्वारा चरणबद्ध रूप से ऐसी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें युवा पीढ़ी उत्साहपूर्वक भाग ले रही है। इन गतिविधियों के माध्यम से जेनरेशन गैप को कम करने, वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने तथा युवाओं में सामाजिक संवेदनशीलता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में वृद्धाश्रम संचालक समिति के पदाधिकारी, कर्मचारीगण तथा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने वरिष्ठजनों के साथ आत्मीयता से समय बिताया और कार्यक्रम को अनुभवों के आदान-प्रदान का सुखद अवसर बताया।
🚨 हरदा के नहालखेड़ा में सरकारी जमीन को लेकर बड़ा आरोप!

ग्रामीणों ने जनसुनवाई में आरोप लगाया कि 9 एकड़ सरकारी जमीन एक दबंग व्यक्ति को बेच दी गई। ग्रामीणों ने मामले की जांच के साथ-साथ पानी, शौचालय और आवासीय जमीन की समस्याएं भी प्रशासन के सामने रखीं।

<nis:link nis:type=tag nis:id=harda nis:value=Harda nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=hardanews nis:value=HardaNews nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=nahalkheda nis:value=NahalKheda nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=madhyapradesh nis:value=MadhyaPradesh nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=anokhaharda nis:value=AnokhaHarda nis:enabled=true nis:link/>
Video 10
Video 11
हर्षोल्लास से मनाया जैन समाज ने क्षमावाणी महोत्सव
-रैली के रूप मैं वाहनों पर निकले जैन समाज के सदस्य, शहरभर में घुम कर मांगी क्षमा

अनोखा तीर, हरदा। अपने संस्कारों और संस्कृति के लिए विशिष्ट पहचान रखने वाली श्री दिगम्बर जैन समाज द्वारा आत्मकल्याण के पावन पर्व पर्यूषण के समापन पर आज शहरभर में रैली के रूप मैं वाहनों पर घुमकर क्षमा महोत्सव मनाया। जैन समाज के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन एवं कोषाध्यक्ष राजीव रविंद्र जैन ने बताया कि संस्कृति और संस्कार हमारी पहचान है, हमें गलतियों की क्षमा मांगने से परहेज़ नहीं है। हम इससे अपने आप को गौरवान्वित महसूस करते हैं। हमारे धर्म संस्कार इसे कर्मों के छय का उत्कृष्ट मार्ग बताते हैं। इसी परम्परा का निर्वहन करते हुए दिगम्बर जैन समाज द्वारा सामूहिक क्षमावाणी महोत्सव मनाया। क्षमावाणी महोत्सव पर्व प्रातकाल मंदिर जी में विशेष पूजन किया गया। दोपहर मंदिर जी से घटयात्रा निकाली गई इसके पश्चात विश्व शांति और प्राणीमात्र के कल्याण की कामना को लेकर चांदी की पांडुकशिला पर श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा की गई। शांतिधारा का सौभाग्य हेमंत अजमेरा, सुनील पाटनी को प्राप्त हुआ। राजीव जैन ने बताया की संध्याकाल में मंदिर जी में आरती के पश्चात श्री दिगम्बर जैन समाज एवं अखिल भारतीय महिला परिषद द्वारा त्यागी वृतीयों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर जैनम दिव्य घोष द्वारा समाज के लोगों को स्वल्पाहार करवाया गया इसके पश्चात शहर में वाहन रैली के रूप में घुमकर क्षमावाणी महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का सफल संयोजन जैन समाज के नवयुवकों एवं जैनम दिव्यघोष के द्वारा समाज के सहयोग से किया गया था। जैन समाज ने सभी का आभार व्यक्त किया। आयोजन में ट्रस्ट कमेटी के सभी सदस्य सुरेंद्र जैन, प्रदीप अजमेरा, विशाल जैन, राहुल गंगवाल, राजीव जैन, संजय पाटनी, सचिन सिंघई, आकाश लहरी, विशाल समैया उपस्थित थे।
एसआईआर पर घमासान
-भाजपा जिलाध्यक्ष का कांग्रेस पर पलटवार
-राजेश वर्मा बोले- आयोग ने स्थिति साफ कर दी, अब आरोपों पर कांग्रेस दे जवाब

अनोखा तीर, हरदा। विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी के आरोपों के बीच भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा ने पलटवार करते हुए कहा है कि जब चुनाव आयोग खुद अपने निर्णय और प्रक्रिया पर स्थिति स्पष्ट कर चुका है, तब भी उसी मुद्दे को लेकर भ्रम बनाए रखना उचित नहीं है। वर्मा ने कहा कि 26 सितंबर की बैठक के बाद चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि एसआईआर से जुड़े निर्णय तीनों चुनाव आयुक्तों की सर्वसम्मति से लिए गए हैं। आयोग ने यह भी कहा कि एसआईआर में नोटिस पाने वाले लोगों के दस्तावेज बीएलओ उनके घर जाकर ले सकते हैं और केवल अपवादात्मक परिस्थितियों में ही व्यक्तिगत सुनवाई की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि फार्म ६ के साथ एसआईआर घोषणा-पत्र को लेकर भी आयोग ने अपना पक्ष सामने रखा है और बताया है कि इसे सुप्रीम कोर्ट द्वारा बरकरार रखा गया है। साथ ही इसीनेट की कार्यप्रणाली और नियमों के अनुपालन की दोबारा जांच के लिए स्वतंत्र आईआईटी विशेषज्ञ को शामिल करते हुए समिति बनाने की जानकारी दी गई है।
अब कांग्रेस से सीधे सवाल
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस से पूछा कि यदि चुनाव आयोग ने एसआईआर पर अपना आधिकारिक पक्ष स्पष्ट कर दिया है तो राहुल गांधी अपने आरोपों को लेकर आगे क्या आधार प्रस्तुत करेंगे? क्या कांग्रेस चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास करती है? क्या वह अपने पूर्व आरोपों की समीक्षा करेगी? वर्मा ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट और राजनीतिक आरोप अपनी जगह हैं, लेकिन संवैधानिक संस्था पर गंभीर आरोप लगाने से पहले तथ्यों की पुष्टि जरूरी है। लोकतंत्र में सवाल पूछने का अधिकार सभी को है, लेकिन सवालों के साथ तथ्य और प्रमाण भी जनता के सामने होने चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी राजनीति में हर हार या विवाद का कारण चुनावी प्रक्रिया को बताने के बजाय राजनीतिक दलों को अपने संगठन, नीतियों और जनता के बीच अपने काम का भी आत्ममंथन करना चाहिए। श्री वर्मा ने कहा कि चुनाव जनता के बीच जाकर काम और नीतियों के आधार पर जनसमर्थन हासिल करने से लड़े जाते हैं। संवैधानिक संस्थाओं के बारे में जनता के बीच अविश्वास की स्थिति पैदा करने के बजाय राजनीतिक दलों को तथ्य सामने रखने चाहिए।
स्वामित्व योजना में पटवारियों को निष्पादन दायित्व से अलग करने की मांग
-मप्र पटवारी संघ ने डिप्टी कलेक्टर को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
-योजना के क्रियान्वयन में स्पष्टता लाने की रखी मांग

अनोखा तीर, हरदा। स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 के अंतर्गत पटवारियों को निष्पादक के दायित्व से पृथक किए जाने सहित योजना के क्रियान्वयन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर मध्यप्रदेश पटवारी संघ जिला हरदा ने ज्ञापन सौंपा। संघ पदाधिकारियों ने डिप्टी कलेक्टर स्वेता भमोरे को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर शासन स्तर पर समस्याओं के निराकरण की मांग रखी। ज्ञापन में पटवारी संघ ने कहा कि स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन को लेकर विभिन्न विभागों के दायित्व स्पष्ट किए जाना आवश्यक है। संघ ने मध्यप्रदेश शासन राजस्व विभाग द्वारा 24 सितंबर 2026 को जारी परिपत्र का हवाला देते हुए कहा कि स्वामित्व योजना का मूल विभाग पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार है। ऐसे में इसके क्रियान्वयन का दायित्व राजस्व विभाग से नहीं कराया जाना चाहिए तथा पटवारियों को निष्पादन के दायित्व से अलग किया जाना चाहिए। संघ ने यह भी कहा कि योजना के तहत भूमि स्वामी के नाम-अभिलेख में विसंगति होने पर पटवारी द्वारा विलेख का निष्पादन नहीं करने तथा ऐसे मामलों का निराकरण सक्षम प्राधिकारी द्वारा किए जाने का प्रावधान है। वहीं नाम में अंतर पाए जाने पर विभिन्न दस्तावेजों के आधार पर पहचान की पुष्टि करने संबंधी प्रावधान भी दिए गए हैं। संघ के अनुसार इन प्रावधानों को लेकर पटवारियों पर दोहरे दायित्व की स्थिति बन रही है। ज्ञापन में ग्राम आबादी में निवास करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान, पारिवारिक स्थिति एवं वास्तविक निवास की पुष्टि का दायित्व पटवारी पर डालने को भी व्यवहारिक कठिनाई बताया गया। संघ ने कहा कि पटवारी का कार्यक्षेत्र मुख्य रूप से भूमि एवं खातेदार संबंधी राजस्व कार्यों तक सीमित है। ऐसे में पहचान एवं नाम संबंधी विवादों में अंतिम निर्णय का दायित्व सक्षम प्राधिकारी अथवा संबंधित विभागीय अधिकारी के स्तर पर रखा जाना चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष सहित राजेश वर्मा, फूलसिंह उइके, राजनारायण बट्टी, सुशील दुबे, श्याम पवार सहित अन्य पटवारी साथी उपस्थित रहे।
पोखरनी-हरदा सड़क को लेकर विधायक की पैदल यात्रा, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

अनोखा तीर, हरदा। पोखरनी से हरदा तक जर्जर सड़क मार्ग के शीघ्र मरम्मत कार्य की मांग को लेकर हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने के नेतृत्व में छिपाबड़ से प्रारंभ हुई पदयात्रा का समापन हरदा कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर हुआ। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी एवं कांग्रेसजन शामिल हुए। यात्रा का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर क्षेत्रवासियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने पोखरनी से हरदा के बीच जर्जर सड़क की समस्या को प्रमुखता से उठाया। यात्रा में शामिल लोगों ने सड़क मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने की मांग को लेकर हरदा विधायक डॉ. दोगने के साथ मिलकर आवाज बुलंद की। यात्रा का समापन हरदा में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर किया गया। यहां हरदा विधायक डॉ. दोगने द्वारा समस्त कांग्रेसजनों एवं क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर हरदा कलेक्टर एवं मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के संभागीय प्रबंधक के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि हरदा-आशापुर मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क मार्ग है। इसके मरम्मत कार्य की स्वीकृति मार्च-अप्रैल 2026 में किए जाने की जानकारी देते हुए बताया गया कि आशापुर से पोखरनी तक सड़क मरम्मत कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि पोखरनी से हरदा के बीच का महत्वपूर्ण हिस्सा अभी भी मरम्मत कार्य से वंचित है। इसके कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में मांग की गई कि पोखरनी से हरदा के बीच शेष सड़क मरम्मत कार्य तत्काल प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। साथ ही सड़क मरम्मत कार्य की स्वीकृति, प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति, टेंडर, वर्क ऑर्डर, अनुबंध एवं कार्य प्रारंभ करने की समय-सीमा सहित संबंधित जानकारी सार्वजनिक किए जाने की मांग भी की गई।
25 सितंबर के भूमिपूजन कार्यक्रम की जांच की मांग
ज्ञापन में 25 सितंबर को पूर्व मंत्री एवं सांसद प्रतिनिधि कमल पटेल द्वारा हरदा-आशापुर मार्ग के सड़क मरम्मत/उन्नयन कार्य के किए गए भूमिपूजन कार्यक्रम की प्रशासनिक जांच कराने की मांग भी की गई है। हरदा विधायक डॉ. दोगने द्वारा कलेक्टर से यह स्पष्ट करने की मांग की गई कि उक्त कार्यक्रम शासकीय था अथवा निजी/राजनीतिक कार्यक्रम। यदि यह शासकीय कार्यक्रम था तो इसकी अनुमति किस विभाग अथवा अधिकारी द्वारा दी गई तथा कार्यक्रम में शासकीय संसाधनों का उपयोग हुआ अथवा नहीं, इसकी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की गई है। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनुमति, प्रोटोकॉल अथवा शासकीय प्रक्रिया के उल्लंघन अथवा शासकीय संसाधनों के अनधिकृत उपयोग की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार जिम्मेदारी निर्धारित कर कार्यवाही की जाए। इसके साथ ही सड़क मरम्मत कार्य की स्वतंत्र तकनीकी जांच, स्वीकृत राशि, सड़क की लंबाई, निर्धारित गुणवत्ता तथा मौके पर किए गए कार्य का भौतिक सत्यापन कराने की मांग भी की गई है। उक्त मांगों पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा अति शीघ्र जांच कराए जाने व 29 सितंबर को दोपहर 12 बजे तक सड़क मार्ग के मरम्मत कार्य को शुरू किए जाने का आश्वासन दिया गया। यात्रा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता बद्री पटेल, चुन्नीलाल रायखेरे, हंडिया ब्लॉक अध्यक्ष महेश पटेल, खिरकिया ब्लॉक अध्यक्ष शंकर सिंह सोलंकी, हरदा ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद व्यास, मगरधा ब्लॉक अध्यक्ष संजय भायरे, सोनतलाई ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र बिश्नोई, खिरकिया शहर अध्यक्ष असलम पठान, राजेश पटेल, दुर्गादास पाटिल, आहत खान, अनिल दुबे, राहुल पटेल, भूपेंद्र राजपूत, राकेश सुरमा, योगानंद राजपूत, अनिल सूरमा, धर्मेंद्र सिंह चौहान, अनिल बिश्नोई, अमर रोचलानी, सिद्धार्थ बिश्नोई, शुभम सुरमा, देवेंद्र राजपूत, देवेंद्र दरबार, विजय सुरमा, कैलाश पटेल, गोरेलाल सिसोदिया, आदित्य पटेल, भूपेश बाबल, राजेश सोनकर, आनंद जाट, गौरीशंकर शर्मा, अजय पाटिल, ज्ञानदास गुर्जर, रमेश बिश्नोई, लालू राजपूत, गोविंद राजपूत, नितिन जोशी, नवल बघेल, हरेराम बिश्नोई, मदन गौर, रमेश सोनकर, मुजाहिद अली, संजय अग्रवाल, विशाल बघेल, समस्त कांग्रेसजन एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
अनुशासन आज के समाज की प्रथम आवश्यकता 

अनोखा तीर हरदा। आज के समाज की सबसे महत्वपूर्ण एवं प्रथम आवश्यकता अनुशासन है, उक्त विचार रमन यूनिवर्सिटी की हरदा ब्रांच के रीजनल हेड उमेश शर्मा ने मॉडल पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र संघ शपथ विधि समारोह में विशेष अतिथि के रूप में उद्बोधन के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने कहा आज अनुशासन की कमी से समाज में अराजकता की स्थिति पैदा हो गई है, हम आज से ही बच्चों में अनुशासन का संचार करें ताकि वे देश के कुशल, सचेत और जिम्मेदार नागरिक बन सकें। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। छात्र-छात्राओं को उनके पद एवं गोपनीयता की शपथ मुख्य अतिथि महोदय द्वारा दिलाई गई। विद्यालय के हेड बॉय के रूप में कक्षा 12वीं के छात्र अनय शर्मा एवं हेड गर्ल के रूप में तोषिका खोरे को चुना गया। प्रत्येक कक्षा से कैप्टन एवं वाइस कैप्टन का चुनाव भी मतदान के माध्यम से हुआ। विद्यालय में विभिन्न समितियां अनुशासन समिति, पर्यावरण समिति, विज्ञान समिति, मीडिया समिति, साहित्यिक समिति, खेल समिति, प्रेयर समिति आदि के प्रमुख छात्र-छात्राओं ने भी शपथ ली। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका प्रीति शर्मा एवं शिल्पा चेनानी ने किया। प्राचार्य त्रिलोक शर्मा ने समस्त छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
जिपं के नवागत सीईओ नरोत्तम भार्गव ने ग्रहण किया पदभार

अनोखा तीर, हरदा। जिला पंचायत के नवागत मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरोत्तम भार्गव ने आज जिला पंचायत पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण इवने ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागत सीईओ भार्गव ने जिला पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक आयोजित की। बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति, लंबित कार्यों तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। भार्गव ने विभागीय योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
खुशियों की दास्तां
-असिस्टेंट से एंटरप्रेन्योर बने टिमरनी के अर्पित
-बांस शिल्प को दिलाई नई पहचान, मुख्यमंत्री ने भी थपथपाई पीठ
अनोखा तीर, हरदा। जब हुनर को सही तकनीक और बाजार की समझ मिल जाए, तो वह न सिर्फ एक व्यक्ति की तकदीर बदलता है बल्कि पूरे समाज के लिए रोजगार के नए द्वार खोल देता है। कुछ ऐसी ही मिसाल पेश की है हरदा जिले के टिमरनी निवासी अर्पित बछौतिया ने, जो आज क्षेत्र के युवाओं और पारंपरिक शिल्पकारों के लिए प्रेरणा स्रोत बन चुके हैं।
प्रोजेक्ट असिस्टेंट से शुरू हुआ सफर
अर्पित ने टिमरनी में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के सहयोग से स्थापित 'बांसकारी टेक्नोलॉजी कम कॉमन फैसिलिटी सेंटरÓ में एक प्रोजेक्ट असिस्टेंट के रूप में अपने सफर की शुरुआत की थी। काम के दौरान अर्पित ने महसूस किया कि स्थानीय शिल्पकारों के पास हुनर की तो कोई कमी नहीं है और वे बेहतरीन उत्पाद भी बनाते हैं, लेकिन सही मार्केटिंग और उचित बाजार न मिलने के कारण उन्हें अपनी मेहनत का सही दाम नहीं मिल पाता। इस समस्या को दूर करने के लिए अर्पित ने खुद केंद्र के माध्यम से बांस के वैज्ञानिक उपचार, आधुनिक डिजाइनिंग, फिनिशिंग, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और डिजिटल मार्केटिंग के गुर सीखे। प्रशिक्षण लेने के बाद उन्होंने स्वयं को एक मार्केटिंग लीडर के रूप में स्थापित किया और स्थानीय शिल्पकारों को राज्य स्तरीय मेलों, सरकारी कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों और बड़े खरीदारों से सीधे जोड़ना शुरू कर दिया। उनके इस प्रयास की बदौलत आज टिमरनी के शिल्पकारों द्वारा बनाए गए डिजाइनर बास्केट, लैपटॉप स्टैंड, पेन स्टैंड, प्लांटर और पर्यावरण के अनुकूल अन्य बांस उत्पाद देश भर के ग्राहकों तक पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने की सराहना, मिली बड़ी कामयाबी
वर्ष 2026 में हरदा में आयोजित राज्य स्तरीय कृषि आधारित कौशल विकास सम्मेलन में जब अर्पित के मार्गदर्शन में तैयार बांस उत्पादों को प्रदर्शित किया गया, तो मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी उनके कार्यों और इस अनूठी पहल की सराहना की। वर्तमान में अर्पित खुद एक सफल बांस उद्यमी बन चुके हैं और इस क्षेत्र से सम्मानजनक आय अर्जित कर रहे हैं। अर्पित की यह सफलता इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण है कि यदि पारंपरिक कौशल को विज्ञान, तकनीक और प्रभावी मार्केटिंग से जोड़ दिया जाए, तो ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में भी हरित उद्यमिता और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। अर्पित आज न केवल खुद आत्मनिर्भर हैं, बल्कि दर्जनों शिल्पकारों को बाजार उपलब्ध कराकर उनके जीवन में खुशहाली ला रहे हैं।
कांग्रेस का भोपाल में चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन
-हरदा से भी पहुंचे कांग्रेस नेता

अनोखा तीर, हरदा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी हरीश चौधरी एवं प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार भोपाल में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जंगी प्रदर्शन किया गया, जिसमें हरदा जिले से जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं के नेतृत्व में कांग्रेस नेता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर वोट चोरी की जा रही है। देश में 13 करोड़ मतदाताओं के नाम एसआईआर के जरिए काट दिए गए हैं। आज देश में चोरी की गई सरकार है, यह एक तरह से लोकतंत्र की हत्या है। ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का केस दर्ज होना चाहिए, इसे तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए और देश के 13 करोड़ मतदाताओं के नाम तत्काल वोटर लिस्ट में जोड़े जाने चाहिए। देश के प्रधानमंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। अलोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार देश के हर वर्ग का शोषण कर रही है, चाहे किसान हो, गरीब हो, छात्र हो या मध्यम वर्गीय व्यापारी हो, हर वर्ग परेशान है। कांग्रेस ने कहा कि राहुल गांधी विगत 3 वर्षों से हर मंच पर वोट चोरी का मुद्दा उठाते आ रहे हैं। चुनाव आयोग को बचाने के लिए प्रधानमंत्री ने 2023 में कानून बदला कि चुनाव आयोग पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं हो सकता। इसका मतलब देश की जनता समझना चाहती है कि ऐसा कानून क्यों बनाया गया, चुनाव आयोग को खुली छूट दी गई वोट चोरी करने की। ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की कठपुतली की तरह काम कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने 30 सितंबर को पूरे प्रदेश में वोट चोरी के खिलाफ प्रदर्शन कर ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह तीनों के पुतले जलाने के निर्देश दिए हैं। हरदा जिला मुख्यालय पर भी 30 सितंबर को प्रदर्शन किया जाएगा। आज भोपाल कार्यक्रम में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय सलाहकार हेमंत टाले, पूर्व जिला अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पवार, जिला उपाध्यक्ष रविशंकर शर्मा, जिला संगठन महासचिव गोविंद सूरमा, हरदा ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद व्यास, जिला कोषाध्यक्ष प्रद्युम्न सिंह कुशवाह, उमाशंकर बिश्नोई, सतीश खोड, अभिषेक जानी, अमीर पटेल, गगन अग्रवाल, गोविंदा कुचबंदिया सहित अन्य साथी शामिल हुए।
पुलिस ने 36 घंटे में किया चना चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

अनोखा तीर, हंडिया। हंडिया पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ा स्थित वेयरहाउस से चना चोरी के मामले का 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया 6 कट्टी चना बरामद किया गया। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल प्लेटिना मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।
रात के अंधेरे में वेयरहाउस से चोरी हुआ चना
पुलिस के अनुसार, ग्राम खेड़ा निवासी रूद्रनाथ पटेल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर की रात करीब 2 बजे अज्ञात लोगों ने वेयरहाउस से उनके 6 कट्टी चना चोरी कर लिया। शिकायत मिलने के बाद हंडिया थाने में अपराध क्रमांक 431/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
चना बेचने की फिराक में खड़े थे आरोपी
जांच के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि हंडिया में विमलेश्वर आश्रम के सामने दो व्यक्ति प्लेटिना मोटरसाइकिल से टाट की बोरियों में चना लेकर खड़े हैं। दोनों चना बेचने की कोशिश में थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में संजय पिता पंचम काजले और शंकर पिता बाबूलाल कलम, दोनों निवासी अजनास रैयत, ने अपने साथी बृजेश पिता अमर सिंह कलम के साथ मिलकर खेड़ा के वेयरहाउस से चना चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने बृजेश को भी गिरफ्तार कर लिया।
झाड़ियों से बरामद हुई चने की चार कट्टी
पुलिस ने आरोपी संजय के कब्जे से 2 कट्टी चना बरामद किया। वहीं आरोपी बृजेश की निशानदेही पर खेड़ा के कच्चा रोड स्थित नाले की झाड़ियों से चोरी की गई 4 कट्टी चना बरामद की गई। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी शंकर के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 47 एमके 6933 जब्त की है।
तीनों आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई पूरी की और उनका मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से वेयरहाउस से चोरी हुए चने की वारदात का खुलासा हो गया।
गायत्री शक्तिपीठ में 'हमारे गुरुदेव कार्यक्रम आयोजित
- गुरुदेव के व्यक्तित्व, कृतित्व और सत्साहित्य पर हुआ विचार-मंथन

अनोखा तीर, हरदा। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के दिव्य मार्गदर्शन तथा परम वंदनीय माताजी भगवती देवी शर्मा एवं अखंड दीप शताब्दी वर्ष के अंतर्गत गुरुदेव की परिकल्पना मनुष्य में देवत्व का उदय तथा धरती पर स्वर्ग का अवतरण को साकार करने के उद्देश्य से उनके सत्साहित्य, कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर विचार-मंथन के लिए हमारे गुरुदेव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गायत्री शक्तिपीठ हरदा एवं स्वर्णिम उदय वेद संस्कृति फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय हरदा डॉ. प्रभुशंकर शुक्ल, विशेष अतिथि पर्यावरणविद् एवं साहित्यकार गौरीशंकर मुकाती, स्वर्णिम उदय वेद संस्कृति फाउंडेशन हरदा के अध्यक्ष शरद कुमार अग्रवाल तथा समाजसेवी घनश्याम दास सोमानी उपस्थित रहे। प्रमुख वक्ता के रूप में एकलव्य विश्वविद्यालय दमोह की डॉ. उषा खंडेलवाल एवं पर्यावरणविद् तथा स्वावलंबन विशेषज्ञ नागपुर की डॉ. भाग्यश्री भकने ने विचार व्यक्त किए। गोमय उत्पाद विशेषज्ञ जितेंद्र कुमार भकने भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला समन्वयक गायत्री परिवार हरदा प्रेमनारायण गौर ने की। मुख्य ट्रस्टी गायत्री शक्तिपीठ हरदा ऋषि कुमार पारे की उपस्थिति में देव पूजन, दीप प्रज्वलन, गुरु वंदना एवं गायत्री मंत्र के सस्वर पाठ के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर सभी अतिथियों का गोमय उत्पाद एवं सत्साहित्य तथा सत्संकल्प प्रदान कर अभिनंदन किया गया।
गुरुदेव के जीवन और कृतित्व पर व्याख्यान
कार्यक्रम की प्रमुख वक्ता डॉ. उषा खंडेलवाल ने अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के जीवन चरित्र, व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने गुरुदेव के साथ कार्य करते हुए अपने जीवन के महत्वपूर्ण संस्मरण भी साझा किए। गायत्री मंत्र एवं गुरुदेव के सत्साहित्य पर विचार रखते हुए उन्होंने कहा कि गायत्री मंत्र को साधना के माध्यम से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और संस्कारों के विकास का माध्यम माना गया है। उन्होंने युवाओं एवं समाज को गुरुदेव के साहित्य को पढ़ने और उनके विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। डॉ. भाग्यश्री भकने ने परम वंदनीय माताजी भगवती देवी शर्मा के जीवन एवं कार्यों पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने गाय के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गो-आधारित उत्पादों के निर्माण, स्वावलंबन एवं उनके उपयोग के लिए प्रेरित किया। जितेंद्र कुमार भकने ने गो-उत्पाद विशेषज्ञ के रूप में गाय के गोबर एवं गोमूत्र से संबंधित पारंपरिक उपयोगों एवं उत्पादों की जानकारी दी। उन्होंने सनातन संस्कृति एवं वेदों में गाय के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
गायत्री मंत्र और संस्कारों पर दिया जोर
मुख्य अतिथि डॉ. प्रभुशंकर शुक्ल ने अपने संबोधन में गायत्री मंत्र के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि गायत्री मंत्र की साधना के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कृति एवं संस्कारों का समागम कर सकता है। समाजसेवी घनश्याम दास सोमानी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्य ट्रस्टी ऋषि कुमार पारे ने स्वागत उद्बोधन देते हुए अतिथियों का परिचय कराया तथा कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया। आयुर्वेदाचार्य डॉ. सुखराम चौधरी ने गोपालन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। अध्यक्षीय उद्बोधन में जिला समन्वयक गायत्री परिवार हरदा प्रेमनारायण गौर ने गायत्री मंत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से प्रतिदिन गायत्री मंत्र का जाप करने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवा, शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, अध्यापन, पत्रकारिता, पर्यावरण संरक्षण, सृष्टि सृजन एवं उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान किया गया। गुरु वंदना गायत्री परिजन श्रीमती कुसुम गौर एवं श्रीमती साधना गौर द्वारा प्रस्तुत की गई। वहीं प्रज्ञा गीत एवं स्वागत गीत स्वर्णिम उदय किड्स स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गायत्री परिजन एवं नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ से श्रीमती शोभा काशिव, श्रीमती कमला सोनी, श्रीमती प्रज्ञा अग्रवाल, श्रीमती कुसुम गौर, श्रीमती साधना गौर, श्रीमती सरिता मालवीय, श्रीमती लता मालवीय, श्रीमती सुनीता अग्रवाल, श्रीमती मधु पारे, श्रीमती मृदुला पटेल, पूजा राठौर, शैलेंद्र पाराशर, दिलीप गौर, ग्यारसराम गौर, संतोष मालवीय, लक्ष्मीनारायण चौहान, चंद्रशेखर टिकारिया, ओमप्रकाश राजपूत, नन्हेंलाल चौधरी, अभिलाष गौर, मनीष गौर, राकेश मालवीय, कांता प्रसाद, भारद्वाज, स्मृति भारद्वाज, रितु गुर्जर, नेहा शर्मा, शिवम मालवीय सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
दीनदयाल जी के चिंतन में अंत्योदय का विशेष महत्व
-शासकीय महाविद्यालय टिमरनी में जन अभियान परिषद ने आयोजित की संगोष्ठी

अनोखा तीर, टिमरनी। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के उपलक्ष्य में शासकीय महाविद्यालय टिमरनी में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में पं. दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, राष्ट्र के प्रति उनके योगदान, एकात्म मानव दर्शन तथा अंत्योदय की अवधारणा पर वक्ताओं ने विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता एवं पूर्व विधायक प्रतिनिधि तथा पार्षद सुनील दुबे ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों के स्वागत के पश्चात संगोष्ठी के उद्देश्य एवं विषय की भूमिका प्रस्तुत की गई। संगोष्ठी में ब्लॉक समन्वयक अनुपम भारद्वाज ने पं. उपाध्याय के प्रारंभिक जीवन, शिक्षा-दीक्षा, व्यक्तित्व एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके जीवन संघर्ष और राष्ट्र सेवा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सादगी, संगठन, राष्ट्रभक्ति और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा। इसके पश्चात राष्ट्रीय कवि एवं परामर्शदाता मुकेश शांडिल्य ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के राष्ट्र निर्माण में योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने दीनदयाल जी द्वारा पत्रकारिता के क्षेत्र में किए गए कार्यों तथा उनके द्वारा प्रकाशित समाचार पत्रों के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के समक्ष रखे गए विचारों की जानकारी विद्यार्थियों को दी। उन्होंने कहा कि दीनदयाल जी ने पत्रकारिता को केवल समाचार का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र एवं समाज के प्रति जागरूकता पैदा करने का प्रभावी साधन माना। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता सुनील दुबे ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ाव, उनके सामाजिक एवं राष्ट्रीय चिंतन तथा एकात्म मानव दर्शन की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दीनदयाल जी का चिंतन भारतीय संस्कृति और समाज की मूल भावना से जुड़ा हुआ था। उनका मानना था कि विकास का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सुविधाओं और अवसरों का लाभ पहुंचाना होना चाहिए। श्री दुबे ने अंत्योदय की अवधारणा को समझाते हुए कहा कि समाज के सबसे कमजोर और जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बेहतर बनाना ही विकास की सार्थकता है। उन्होंने वर्तमान में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को बताया कि किस प्रकार शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे स्वयं जागरूक बनें तथा अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ दिलाने में सहयोग करें। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन और विचारों को केवल पढ़ने तक सीमित न रखते हुए उनके सामाजिक सरोकारों को समझने तथा राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में मुकेश शांडिल्य ने सभी अतिथियों, महाविद्यालय परिवार एवं उपस्थित छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। संगोष्ठी में परामर्शदाता प्रवीण चौरसिया, शांति कौशल, नवांकुर संस्था प्रभारी दीपांशु राठौर, अमित महोले, बृजेश तिवारी, वेद प्रकाश दीक्षित, शुभम सोलंकी, नंदिनी साहिब, सलोनी, राधिका, पूर्णिमा, संतोषी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। संगोष्ठी के माध्यम से विद्यार्थियों को पं. दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, राष्ट्र चिंतन, एकात्म मानव दर्शन और अंत्योदय के सिद्धांतों को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्र सेवा और अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर विकासखंड स्तरीय संगोष्ठी आयोजित

अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड हरदा द्वारा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू कक्षाओं में पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती के अवसर पर विकासखंड स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर पूजन एवं माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शासकीय महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक एवं समाजसेवी बसंत राजपूत रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में विकासखंड समन्वयक राकेश वर्मा ने संगोष्ठी की रूपरेखा एवं उद्देश्य की जानकारी उपस्थित विद्यार्थियों व सहभागियों के समक्ष रखी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अपने विचारों एवं जीवन दर्शन से समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। हमें महापुरुषों के छायाचित्र तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके विचारों एवं आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय का चिंतन समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण पर केंद्रित था। उन्होंने पं. उपाध्याय के जीवन चरित्र, विचारों एवं सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही 'पंच परिवर्तनÓ के विषय पर विस्तृत चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक परिवर्तन में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के परामर्शदाता दीनबंधु गौर ने किया। अंत में विकासखंड समन्वयक राकेश वर्मा ने उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों एवं सभी सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई एवं हार्टफुलनेस संस्थान के कार्यकर्ताओ द्वारा कक्षा में ध्यान एवं योग कराया गया।
जिला पंचायत के नवागत सीईओ नरोत्तम भार्गव ने ग्रहण किया कार्यभार

हरदा। जिला पंचायत के नवागत मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरोत्तम भार्गव ने आज जिला पंचायत पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण कुमार इवने ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागत सीईओ श्री भार्गव ने जिला पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक आयोजित की। बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति, लंबित कार्यों तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
श्री भार्गव ने विभागीय योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।