✅ ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग' क्विज़ को लेकर हरदा जिले में भारी उत्साह
✅ युवाओं को मिलेगा पीएम मोदी से सीधे संवाद का मौका
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित ‘मेरा युवा भारत’ के सबसे बड़े राष्ट्रीय फ्लैगशिप कार्यक्रम ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ को लेकर हरदा जिले के युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। जिला युवा अधिकारी सुश्री श्रद्धा मित्तल के नेतृत्व में जिले की प्रशासनिक टीम और स्वयंसेवक युवाओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मिशन मोड में जुटे हुए हैं।
✅ युवाओं के लिए स्वर्णिम अवसर
‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ 15 से 29 आयु वर्ग के युवाओं के लिए एक देशव्यापी क्विज़ प्रतियोगिता है। इसके राष्ट्रीय चरण (नई दिल्ली के भारत मंडपम) में चयनित होने वाले मेधावी युवाओं को देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के समक्ष अपने अभिनव विचार रखने और उनसे सीधे संवाद करने का दुर्लभ अवसर प्राप्त होगा। इस बार मंत्रालय ने देश भर से 1 करोड़ युवाओं को इस ऐतिहासिक अभियान से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।
✅ तीन कड़े चरणों से गुजरेगी प्रतियोगिता
यह पूरी प्रतियोगिता योग्यता पर आधारित होगी, जिसके प्रथम चरण (ऑनलाइन क्विज़) में माय भारत पोर्टल पर डिजिटल माध्यम से प्रारंभिक प्रतियोगिता होगी, जिसमें 15-29 आयु वर्ग के युवा भाग लेंगे। मध्यवर्ती चरण में क्विज़ के विजेता युवा निबंध लेखन, जिला चैंपियनशिप और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। राष्ट्रीय चरण के तहत अंतिम रूप से चयनित सर्वश्रेष्ठ युवा नई दिल्ली के ‘भारत मंडपम’ में देश के केंद्रीय मंत्रियों, विषय विशेषज्ञों और प्रधानमंत्री के सामने अपना विज़न पेश करेंगे।
✅ धरातल पर उतरी टीम और ब्लॉक स्तर पर प्रयास
हरदा जिले को मध्य प्रदेश में अव्वल बनाने के लिए शिक्षा और खेल विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। विभिन्न ब्लॉकों में वॉलिंटियर्स और खेल समन्वयक घर-घर जाकर पंजीकरण करा रहे हैं। हरदा ब्लॉक में स्वयंसेवक शुभम, कनक, लिशिका गौतम और खेल समन्वयक सलमा सक्रिय हैं। टिमरनी ब्लॉक में स्वयंसेवक राकेश, राहुल और खेल समन्वयक हीना खेल अकादमियों में युवाओं को जोड़ रहे हैं तथा खिड़किया ब्लॉक में स्वयंसेवक निखिल, ऋषि और खेल समन्वयक संदीप शैक्षणिक संस्थानों में इस क्विज़ की जानकारी फैला रहे हैं। इसके अलावा जिले की प्रतिष्ठित युवा आइकन मेहरून्निसा भी युवाओं को अपनी झिझक छोड़कर देश के नीति-निर्माण में सहभागिता दर्ज कराने के लिए लगातार प्रेरित कर रही हैं। ‘मेरा युवा भारत’ हरदा कार्यालय ने जिले के सभी युवाओं, शिक्षण संस्थानों और अभिभावकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द माय भारत पोर्टल पर जाकर वीबीवायएलडी क्विज़ के लिए अपना पंजीकरण कराएं।
Jansampark Madhya Pradesh
#Harda #MYBharat #VBYLD2026 #ViksitBharat #YoungLeadersDialogue #MeraYuvaBharat #PMModi #YouthOfHarda