आंधी-बारिश में पटेल कॉलेज के पास सड़क पर गिरा पेड़, घंटों लगा जाम; सूचना मिलते ही हटवाया गया
बिक्रमगंज। तेज आंधी और बारिश के कारण मंगलवार की अहले सुबह पटेल कॉलेज, बिक्रमगंज के समीप आरा-सासाराम मुख्य पथ पर अचानक एक पेड़ गिर गया। पेड़ के सड़क के बीचोंबीच गिरने से मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही गोल्डेन पासवान मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी बिक्रमगंज एसडीएम तथा बिक्रमगंज अनुमंडल के वन क्षेत्र पदाधिकारी को फोन के माध्यम से दी। अधिकारियों से बातचीत के बाद सड़क पर गिरे पेड़ को हटवाने की कार्रवाई शुरू की गई। पेड़ हटने के बाद मुख्य पथ पर यातायात फिर से सामान्य हो सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मुख्य सड़क के किनारे कई सूखे और जर्जर पेड़ अब भी खड़े हैं, जो तेज आंधी और बारिश के दौरान कभी भी गिर सकते हैं। ऐसे में इन पेड़ों से बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क किनारे खड़े सूखे एवं खतरनाक पेड़ों का जल्द निरीक्षण कराया जाए और समय रहते उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।