काराकाट में नहर में पलटी स्कूली वैन, पांच बच्चे सुरक्षित,ग्रामीणों ने पानी में उतरकर बच्चों को बचाया, चालक गंभीर रूप से घायल
रोहतास के काराकाट थाना क्षेत्र में मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। शहरी पुल के पास बिक्रमगंज के वर्ल्ड मिशन स्कूल की मैजिक वैन अनियंत्रित होकर डुमरांव लाइन की बड़ी नहर में करीब 20 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के समय वैन में पांच स्कूली बच्चे सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन नहर में गिरने के बाद कई बार पलटी और पानी में चारों पहिए ऊपर की ओर हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल नहर में उतरे और काफी मशक्कत के बाद वैन में फंसे सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया गया कि बच्चे इटढ़िया, बीलवाई और शहरी गांव के रहने वाले हैं। जिला परिषद सदस्य लाली यादव ने बताया कि ग्रामीणों की तत्परता से बच्चों की जान बच गई।
हादसे में इटढ़िया निवासी चालक विशाल ओझा गंभीर रूप से घायल हो गए। एसआई अनामिका कुमारी ने बताया कि चालक का इलाज बिक्रमगंज के निजी अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत नाजुक है। पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित फार्म हाउस में बैठाकर परिजनों को बुलाया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।