खैरमा घाट पर मंगलवार को सजेगी आस्था की महफिल, सैकड़ों दीपों के बीच होगी भव्य गंगा आरती
डीएम नवीन के निर्देश पर जिला प्रशासन और नगर परिषद ने पूरी की तैयारी, शाम 4 बजे से किऊल नदी के तट पर गूंजेगा शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार
परिवर्तन बिहार न्यूज़ के लिए विवेक की रिपोर्ट।
जमुई। जिले में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने के उद्देश्य से मंगलवार को किऊल नदी स्थित पतनेश्वर धाम के पावन तट पर खैरमा घाट में भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं नगर परिषद, जमुई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शाम चार बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और सैकड़ों दीपों की रोशनी के बीच श्रद्धालु मां गंगा की आराधना करेंगे।
कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए डीएम नवीन कुमार के दिशा-निर्देश पर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी एवं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने खैरमा घाट का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट परिसर, पहुंच पथ, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, वाहनों के पड़ाव तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मियों एवं पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी मुस्तैदी से जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया गया। घाट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, सुगम आवागमन, पर्याप्त रोशनी तथा वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।
दीपों की रोशनी और शंखनाद से भक्तिमय होगा माहौल
मंगलवार की शाम किऊल नदी का तट आध्यात्मिक आभा से जगमगाएगा। सैकड़ों दीपों की लौ, वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और आध्यात्मिक संगीत के बीच होने वाली गंगा आरती श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजन के माध्यम से जिले की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ-साथ जमुई को धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की पहल की जा रही है।
जिला प्रशासन एवं नगर प्रशासन की ओर से जिलेवासियों, श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध नागरिकों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है। वहीं, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से भी आयोजन की व्यापक कवरेज और प्रचार-प्रसार में सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।
जनता की राय: किऊल नदी के तट पर नियमित रूप से ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की शुरुआत होने से क्या जमुई में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा?
Jamui, Jamui | Nov 9, 2026