पटना में जलजमाव की मार: तालाब में तब्दील हुआ प्राथमिक विद्यालय धरायचक, छत से पानी में कूदते दिखे बच्चे
पटना। बिहार की राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ स्थित प्राथमिक विद्यालय धरायचक की व्यवस्था की पोल खोलती एक तस्वीर सामने आई है। भारी जलजमाव के कारण पूरा स्कूल परिसर तालाब में तब्दील हो गया है। जलभराव के बीच बच्चे स्कूल की छत से पानी में छलांग लगाते नजर आ रहे हैं, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
पढ़ाई ठप, हादसों को न्योता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जलभराव के कारण स्कूल में पठन-पाठन पूरी तरह से ठप हो गया है। चारों तरफ पानी भर जाने की वजह से बच्चे इस गंदे और गहरे पानी में नहाने और छत से कूदने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की कोई व्यवस्था न होने से पानी लंबे समय से जमा है। इस तरह गंदे पानी में बच्चों के नहाने से न केवल बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है, बल्कि किसी अनहोनी या हादसे की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन से जल्द से जल्द जल निकासी कराकर स्कूल की स्थिति सुधारने की मांग की है।
Hardoi, Hardoi | Sep 10, 2026