बोधगया में 16वें सेकर्ड कठिन चीवरदान समारोह का भव्य आयोजन, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार का हुआ जोरदार स्वागत
स्लीपिंग बुद्धा टेंपल में देश-विदेश के बौद्ध श्रद्धालुओं का जुटान, मुख्य भंते बी. अरियपाल भिक्षु के नेतृत्व में संपन्न हुआ धार्मिक अनुष्ठान
गया: बोधगया के आमवां ठोकर स्थित बुद्धा इंटरनेशनल वेलफेयर मिशन द्वारा संचालित स्लीपिंग बुद्धा टेंपल में 16वें सेकर्ड कठिन चीवरदान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। टेंपल के मुख्य भंते बी. अरियपाल भिक्षु के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक समारोह में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान देश-विदेश से पहुंचे बौद्ध धर्मगुरुओं, उपासक-उपासिकाओं और श्रद्धालुओं की मौजूदगी से मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा। समारोह में पहुंचने पर टेंपल के मुख्य भंते बी. अरियपाल भिक्षु ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार का जोरदार स्वागत किया। उन्हें अंगवस्त्र और भगवान बुद्ध का मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके बाद धार्मिक परंपराओं के अनुसार कठिन चीवरदान समारोह की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस अवसर पर थाईलैंड, लाओस, श्रीलंका, बांग्लादेश, म्यांमार, कंबोडिया, अमेरिका और वियतनाम सहित विभिन्न देशों के बौद्ध धर्मगुरु एवं श्रद्धालु शामिल हुए। अंतरराष्ट्रीय बौद्ध समुदाय की भागीदारी ने इस आयोजन को विशेष बना दिया। मुख्य भंते बी. अरियपाल भिक्षु ने कहा कि कठिन चीवरदान बौद्ध धर्म की महत्वपूर्ण परंपरा है। इसके माध्यम से श्रद्धालु भिक्षुओं को चीवर अर्पित कर अपनी श्रद्धा प्रकट करते हैं। उन्होंने बताया कि समारोह में विश्व शांति, मानव कल्याण और आपसी भाईचारे के लिए सामूहिक प्रार्थना भी की गई। इस दौरान महाबोधि महाविहार मंदिर से जुड़े विवाद का जल्द और सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने के लिए भारत सरकार से पहल करने की अपील भी की गई। समारोह में भगवान बुद्ध के शांति, करुणा और अहिंसा के संदेश को विश्वभर में फैलाने का संकल्प लिया गया।
#गयाजी
#gayaji
#GayaPolice
#न्यूज़
#biharpolties
#gayabihar
#gayadastak
#bodhgayanews
#चीवरदान