नाले के तेज बहाव में बही 8 वर्षीय अंकिता की तलाश जारी
प्रभारी मंत्री नारायन सिंह कुशवाह पहुंचे निवाड़ी, बालिका के परिवार से मिले
--
निवाड़ी नगर के वार्ड क्रमांक 01 निवासी 8 वर्षीय बालिका अंकिता के नाले के तेज बहाव में बह जाने के बाद उसे खोजने के लिए रेस्क्यू टीम द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। बालिका की तलाश में रेस्क्यू टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अनेक प्रयासों के बावजूद अभी तक अंकिता का कोई पता नहीं चल सका है। घटना के बाद से नगर और आसपास के क्षेत्र में चिंता का माहौल है। स्थानीय नागरिक बालिका की सकुशल मिलने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
बालिका की तलाश के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा रेस्क्यू अभियान को लगातार जारी रखा गया है। अभियान के दौरान संभावित स्थानों पर सघनता से तलाश की जा रही है। प्रशासनिक अमला और रेस्क्यू टीम बालिका को खोजने के लिए हर संभव प्रयास में जुटी हुई है।
इधर, मध्यप्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग के मंत्री एवं निवाड़ी जिले के प्रभारी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने भी घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन से चर्चा कर सर्च अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए थे।
शनिवार को प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह स्वयं निवाड़ी पहुंचे और बालिका अंकिता के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए धैर्य बनाए रखने तथा ईश्वर पर विश्वास रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि “मुझे विश्वास है कि जल्द ही बच्ची का पता चल जाएगा।”
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रशासन और रेस्क्यू टीम लगातार बालिका की तलाश में जुटी हुई है और सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने परिजनों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस कठिन समय में सभी को धैर्य रखना होगा।
श्री कुशवाह ने नगरवासियों से भी अपील करते हुए कहा कि सभी लोग बालिका की सकुशल मिलने के लिए ईश्वर से प्रार्थना करें। बालिका के परिवार के साथ पूरा नगर खड़ा है और सभी को उम्मीद है कि अंकिता जल्द ही सकुशल अपने परिवार के बीच होगी।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री रोहन सक्सेना, पुलिस अधीक्षक डॉ राय सिंह नरवरिया, एसडीएम श्री अशोक कुमार सेन एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Narayan Singh Kushwah Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #niwari
3 views | Niwari, Madhya Pradesh | Aug 29, 2026