भारी वर्षा के दृष्टिगत उपखण्ड पृथ्वीपुर में सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक सतर्कता
एसडीएम ने एसडीओपी के साथ जलभराव वाले क्षेत्रों का विस्तृत मैदानी निरीक्षण किया
--
गत रात्रि से अनुभाग क्षेत्र में हो रही निरंतर अत्यधिक वर्षा के कारण नदी-नाले उफान पर हैं तथा कई मुख्य मार्गों पर आवागमन बाधित हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आज दिनांक 27.08.2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री विनीता जैन द्वारा एसडीओपी पृथ्वीपुर के साथ संवेदनशील और जलभराव वाले क्षेत्रों का विस्तृत मैदानी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम एवं एसडीओपी द्वारा अनुभाग पृथ्वीपुर के अंतर्गत ग्राम ज्योराभौरा स्थित रपटा पुल तथा नेगुवां मण्डल अंतर्गत आने वाले बरघई नाला एवं बरुवा नाला का प्रत्यक्ष जायजा लिया गया। उफनते नालों और पुलों पर जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासनिक टीम ने मौके पर ही बैरिकेड्स लगवाकर पुलिस बल तैनात करने के इंतजाम किए हैं।
वर्षा जनित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए क्षेत्र के सभी जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत तहसीलदार, नायब तहसीलदार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ), मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जनपद पंचायत, हल्का पटवारी तथा ग्राम पंचायत सचिवों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र/मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आदेश दिया गया है।
सभी तैनात अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में वर्षा की स्थिति, जलभराव और किसी भी संभावित प्राकृतिक आपदा पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, क्षेत्र की हर परिस्थिति से समय-समय पर उच्च अधिकारियों को अवगत कराने और बिना पूर्व सक्षम अनुमति के मुख्यालय न छोड़ने की हिदायत दी गई है।
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे उफनते नदी-नालों एवं जलमग्न रपटा पुलों को पार करने का जोखिम न उठाएं और पुलिस प्रशासन द्वारा लगाए गए सुरक्षा बैरिकेड्स का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय पटवारी या पंचायत सचिव से संपर्क करें।
CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh #HeavyRainfall #DistrictAdministration #jansamparkMP #niwari