बलिया के फेफना थाना क्षेत्र के माल्देपुर घाट पर गंगा नदी में स्नान के दौरान दो युवक डूब गए। हादसे के करीब 15-16 घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
स्थानीय गोताखोरों और पीएसी की फ्लड प्लाटून की ओर से लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, अब तक एनडीआरएफ की टीम के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को दो युवक, जिनकी उम्र करीब 18 से 20 वर्ष बताई जा रही है, माल्देपुर घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे थे। दोनों आपस में दोस्त थे। बताया जा रहा है कि नहाते समय वे वीडियो बना रहे थे।
इसी दौरान एक युवक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने की कोशिश में दूसरे युवक का पैर भी फिसल गया और दोनों गंगा में डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। युवकों की तलाश के लिए पीएसी की फ्लड प्लाटून को भी लगाया गया है। पुलिस अधीक्षक बलिया डॉ. ईराज राजा ने अपने बयान में बताया था कि प्रकाश की व्यवस्था कर लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
हालांकि, हादसे के 15-16 घंटे बाद भी दोनों युवकों का पता नहीं चलने और एनडीआरएफ की टीम के अब तक मौके पर नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि इतने संवेदनशील मामले में बचाव अभियान को और तेज करने के लिए एनडीआरएफ की टीम अब तक क्यों नहीं पहुंच सकी।
इधर, कांग्रेस नेता सागर सिंह राहुल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने युवकों की तलाश में तेजी लाने और बचाव कार्य में आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की।
फिलहाल दोनों युवकों की तलाश जारी है। परिवार के लोग और स्थानीय ग्रामीण गंगा घाट पर किसी सकारात्मक सूचना की उम्मीद में इंतजार कर रहे हैं। पूरे इलाके में चिंता और बेचैनी का माहौल है।
#Ballia #MaldepurGhat #Ganga #NDRF #BalliaNews #SagarSinghRahul #BalliaKhabar
Belthara Road, Ballia | Nov 15, 2026