बलिया में तैनात उप निरीक्षक संदीप कुमार की मौत के मामले में चितबड़ागांव पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की आरोपित युवती रोली को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रविवार सुबह करीब 8:50 बजे सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के सिसोटार गांव निवासी रोली (22) पुत्री वीरेंद्र गोंड़ को रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक बगीचे से गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, उप निरीक्षक संदीप कुमार की मौत के बाद उनकी पत्नी ने चितबड़ागांव थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रोली द्वारा उनके पति को परेशान किया जा रहा था, जिससे क्षुब्ध होकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 144/2026 के तहत धारा 108 बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले की विवेचना और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई थीं।
इसी क्रम में रविवार को थानाध्यक्ष लालमणि सरोज पुलिस टीम के साथ वांछित अभियुक्तों की तलाश में निकले थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन के समीप एक बगीचे में दबिश देकर रोली को गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि शनिवार की देर शाम धर्मापुर के नवका पुरा के पास वाराणसी-छपरा रेल मार्ग पर सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 2023 बैच के उप निरीक्षक संदीप कुमार (28) की मौत हो गई थी। वह मूल रूप से संतकबीरनगर जिले के निवासी थे और चितबड़ागांव थाने में तैनात थे। घटनास्थल के पास उनकी बुलेट मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली थी।
#Ballia #BalliaNews #Chitbaragaon #PoliceNews #SandeepKumar #BalliaKhabar