दीपावली के शुभ अवसर से पूर्व अधिक से अधिक हितग्राहियों की रजिस्ट्री पूर्ण कराई जाए, ताकि उन्हें स्वामित्व अधिकार का लाभ मिल सके और यह अवसर उनके जीवन का ऐतिहासिक पल बन सके- कलेक्टर श्री यादव
==
दीपावली से पूर्व स्वामित्व योजना के अधिकाधिक हितग्राहियों की रजिस्ट्री पूर्ण कराएं
==
राजस्व अधिकारियों की बैठक में लंबित प्रकरणों के निराकरण एवं दीपावली पर सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
==
कलेक्टर की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियो की बैठक संपन्न
==
जिलेवासियों, अधिकारियों- कर्मचारियों को दीपावली की दी शुभकामनाएं
==
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष रूप से प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के अंतर्गत हितग्राहियों के पंजीयन एवं रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि दीपावली के शुभ अवसर से पूर्व अधिक से अधिक हितग्राहियों की रजिस्ट्री पूर्ण कराई जाए, ताकि उन्हें स्वामित्व अधिकार का लाभ मिल सके और यह अवसर उनके जीवन का ऐतिहासिक पल बन सके।
बैठक में लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के साथ ही नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री यादव ने दीपावली पर्व के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा पटाखा दुकानों की नियमित मॉनिटरिंग एवं निरीक्षण किया जाए तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों और नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और नागरिक सुरक्षित वातावरण में दीपावली का पर्व मना सकें।
उन्होंने दीपावली के दौरान आपातकालीन व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त रखने पर जोर दिया। इसके तहत अस्पतालों में चिकित्सकों की ड्यूटी, एंबुलेंस की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर नागरिकों को तत्काल सहायता मिल सके।
श्री यादव ने जिले के सभी नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रकाश का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर आए। उन्होंने नागरिकों से हर्षोल्लास और उत्साह के साथ सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने की अपील की।
Damoh, Madhya Pradesh | Nov 7, 2026