नग्न अवस्था में लापता युवक जंगल के बीच मिला!! 32 वर्षीय युवक के लापता होने से मचा था हड़कंप, सूचना पर डीडीआरएफ और एसडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन, टीम ने जंगल से किया बरामद!!
रुद्रप्रयाग के ग्राम तिलनी में शनिवार शाम से लापता चल रहे 32 वर्षीय युवक को रविवार को खोज अभियान के दौरान जंगल के बीच से बरामद कर लिया गया। युवक के बिना कपड़ों के जंगल में मिलने से क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है। हालांकि, युवक के जंगल तक पहुंचने की परिस्थितियों का पता नहीं चल पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक की पहचान आशीष (32 वर्ष), पुत्र हरीश लाल, निवासी ग्राम तिलनी के रूप में हुई है। बताया गया कि युवक शनिवार शाम से अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों की चिंता उस समय और बढ़ गई, जब रविवार सुबह गुरु राम राय पब्लिक स्कूल के समीप ग्राम सिलनी में सड़क किनारे नदी के ऊपर पहाड़ी पर उसके कपड़े और जूते मिले।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग के अनुसार रविवार 15 नवंबर को सुबह 10:13 बजे 112 के माध्यम से युवक के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई। युवक की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई गई।
सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया।
इसके बाद दोनों टीमों ने क्षेत्र में सघन तलाश अभियान चलाया। खोजबीन के दौरान डीडीआरएफ की टीम को युवक जंगल के बीच मिला। युवक के सकुशल मिलने से परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
फिलहाल युवक के जंगल में पहुंचने और कपड़े-जूते पहाड़ी पर मिलने के पीछे की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।