*जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित हुआ मंगल दिवस*
*गर्भवती महिलाओं को पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं सुरक्षित मातृत्व के प्रति किया जागरूक*
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री माधुरी रजक के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों में मंगल दिवस का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को बेहतर पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच, प्रसवपूर्व देखभाल एवं सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूक करने के साथ शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना रहा।
मंगल दिवस के सफल आयोजन के लिए परियोजना अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों ने प्रातः 8:45 बजे आंगनवाड़ी केंद्रों में उपस्थित होकर गतिविधियों की निगरानी की। वहीं, परियोजना स्तर पर ब्लॉक समन्वयकों ने पोषण ट्रेकर पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियों एवं आयोजन की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने गर्भवती महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उन्हें संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, प्रसवपूर्व देखभाल तथा सुरक्षित प्रसव के संबंध में जानकारी दी।
*पोषण ट्रेकर में शत-प्रतिशत पंजीयन एवं एएनसी जांच पर जोर*
आयोजन के दौरान पोषण ट्रेकर में सभी गर्भवती महिलाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए पंजीयन से छूटी महिलाओं की पहचान कर आवश्यक कार्यवाही की गई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अभिलेखों एवं पोषण ट्रेकर में दर्ज जानकारी का मिलान और सत्यापन किया गया, ताकि कोई भी पात्र महिला शासकीय सेवाओं से वंचित न रहे। जिन क्षेत्रों में ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHSND) आयोजित किया जा रहा है, वहां ANC जांच से छूटी महिलाओं को चिह्नित कर स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले के समन्वय से उनकी स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए।
*टेक होम राशन के नियमित सेवन के लिए किया प्रेरित*
मंगल दिवस के दौरान गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को टेक होम राशन (THR) की उपलब्धता एवं उसके पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी गई। महिलाओं को निर्धारित मात्रा में राशन का नियमित सेवन करने तथा इसके पोषण लाभों के प्रति परिवार के सदस्यों को भी जागरूक करने की समझाइश दी गई। पर्यवेक्षकों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को हितग्राहियों से संपर्क कर राशन की प्राप्ति एवं उसके नियमित सेवन की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए।
यह आयोजन सेवा संकल्प अभियान की भावना के अनुरूप मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार, पोषण जागरूकता बढ़ाने तथा शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
#Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #JansamparkDindori #CollectorDindori #AnjuPawanBhadoria #WomenAndChildDevelopment #MangalDiwas #MaternalHealth #ChildNutrition #SafeMotherhood #NutritionAwareness #Anganwadi #PoshanTracker #ServiceSankalpAbhiyan