#Balrampur ! #इंडो_नेपाल_बॉर्डर पर अलर्ट: पुलिस और SSB की संयुक्त टीम ने संवेदनशील इलाकों में की फ्लैग मार्च, संदिग्धों पर पैनी नजर...
#बलरामपुर । भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को अभेद्य बनाए रखने के लिए बलरामपुर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने साझा मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर, श्री मार्तण्ड प्रकाश सिंह के स्पष्ट निर्देशों के तहत शुक्रवार को बार्डर से सटे अति-संवेदनशील इलाकों में पुलिस और एसएसबी जवानों ने संयुक्त रूप से सघन पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) और चेकिंग अभियान चलाया।
तस्करी और घुसपैठ पर कड़ा शिकंजा
सीमांत क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर पूर्ण विराम लगाने के उद्देश्य से चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान हर आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की कड़ाई से तलाशी ली गई। अधिकारियों के मुताबिक, बॉर्डर के रास्ते होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी, मानव एवं गो-तस्करी, अवैध कटान, खनन और अवैध घुसपैठ जैसी असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।
ग्रामीणों से संवाद, सुरक्षा का दिया भरोसा
गश्त के दौरान संयुक्त टीम ने बार्डर से सटे गांवों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील बाजारों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों तथा स्थानीय संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक कर उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अज्ञात व्यक्ति दिखने पर तुरंत स्थानीय पुलिस या सुरक्षा बलों को सूचित करें।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इंडो-नेपाल बॉर्डर पर सतत निगरानी जारी रहेगी और अवैध गतिविधियों को ध्वस्त करने के लिए इस तरह के संयुक्त अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।
#balrampur #balrampurpolice