विश्वकर्मा पूजा पर श्रम कल्याण दिवस का आयोजन, श्रमिकों को दी गई योजनाओं की जानकारी
जहानाबाद : विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर गुरुवार को संयुक्त श्रम भवन, जहानाबाद के सभागार में श्रम कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों से पांच-पांच श्रमिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन श्रम अधीक्षक मृत्युंजय कुमार झा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान श्रमिकों को श्रम कानूनों के साथ विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। श्रम अधीक्षक ने बताया कि चयनित पंचायतों में प्रत्येक सप्ताह जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान करना है।
कार्यशाला में बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण योजना, बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना तथा बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सभी प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, श्रमिक संघ के प्रतिनिधि और श्रमिक मौजूद रहे।