पुलिस सभा में कर्मियों की समस्याओं पर एसपी ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
जहानाबाद : पुलिस केंद्र, जहानाबाद में पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पुलिस सभा का आयोजन किया गया। सभा में सिपाही, हवलदार, पुलिस पदाधिकारियों तथा पुलिस मेन्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों व कर्मियों ने विभिन्न समस्याओं को रखा। पुलिस अधीक्षक ने सभी की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित शाखा पदाधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान पुलिसकर्मियों से जुड़ी सुविधाओं और कार्यस्थल संबंधी मामलों पर भी चर्चा हुई। एसपी ने समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं करने का निर्देश दिया। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 (घोषी) सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।