दीपावली मेले के चौथे दिन स्थानीय प्रतिभाओं ने बिखेरा जलवा।
स्मार्ट सिटी उदयपुर के कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों पर झूम उठे दर्शक।
गीत, संगीत, नृत्य और भक्ति की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, देर रात तक जमा रहा रंगारंग कार्यक्रम
उदयपुर। नगर निगम उदयपुर द्वारा आयोजित विश्वप्रसिद्ध दीपावली मेला 2026 के चौथे दिन शनिवार को स्थानीय प्रतिभाओं के नाम रहा। टाउन हॉल में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में उदयपुर के उभरते कलाकारों ने गीत, संगीत, नृत्य और योग की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शक तालियां बजाने और झूमने पर मजबूर हो गए। कार्यक्रम में शहर की प्रतिभाओं ने साबित कर दिया कि स्मार्ट सिटी उदयपुर केवल अपनी खूबसूरती ही नहीं, बल्कि कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी विशेष पहचान रखता है।
मेला संयोजक प्रमोद सामर ने बताया कि दीपावली मेले के शुभारंभ अवसर पर महापौर पारस सिंघवी के साथ सदस्य अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी दिनेश खोड़निया, पूर्व जिलाध्यक्ष देहात भाजपा चन्द्रगुप्त सिंह चौहान, युवामोर्चा प्रदेशाध्यक्ष शंकर गौरा, पूर्व विधायक ग्रामीण वंदना मीणा, पूर्व राज्यमंत्री जगदीश राज श्रीमाली, प्रताप गौरव केंद्र से अनुराग सक्सेना, संपादक दैनिक नवज्योति मनीष जोशी, समाजसेवी दीपक सुखाड़िया, भंवर सिंह पंवार, जीतो सलाहकार नरेंद्र सिंघवी, कमलेन्द्र सिंह पंवार, सीए महावीर चपलोत, सुखलाल लोहार, रुचिका चौधरी, कन्हैया वैष्णव, महावीर इंटरनेशनल से रविन्द्र सुराणा एवं गोस्वामी समाज अध्यक्ष गजेंद्र पुरी गोस्वामी ने मां सरस्वती एवं भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। मंच का संचालन मीनल पोखरना धन्यवाद योगेश कुमावत द्वारा किया गया।
मेला मीडिया प्रभारी प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया कि चौथे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत देव डांस एकेडमी ग्रुप द्वारा गणपति वंदना की आकर्षक प्रस्तुति से हुई। इसके बाद गायत्री पवार ने 'पिया तोसे नैना लागे रे' पर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। हेमंत ने 'तेरी दीवानी' गीत की प्रस्तुति दी, वहीं नन्ही कलाकार ओनीरा ने 'ओ मेरे सोना रे सोना रे' गीत से सभी का मन मोह लिया। रिद्धिमा माहेश्वरी ने शास्त्रीय नृत्य कथक की शानदार प्रस्तुति दी। नियति सोमपुरा ने महाभारत थीम पर आधारित नृत्य से मंच पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। विजयलक्ष्मी वैष्णव ने 'जब छाए मेरा जादू' गीत पर अपनी प्रस्तुति से समां बांधा। धनंजय सोनी ने बांसुरी की मधुर धुन के साथ गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। जोया ने 'तेरी आंखों का ये काजल' गीत पर शानदार प्रस्तुति दी, वहीं राजू सिंह ने पुलिस योग टीम के साथ एक्रो योगासन का प्रदर्शन कर दर्शकों को अचंभित कर दिया।
इसके अलावा वर्णिका, जेनीका, ओजस्वी, पूर्वी अग्रवाल, खुशी अग्रवाल, आरुषि, यष्टि ग्रुप, समनवी, धनश्री, नूपुर ध्वनि ग्रुप सहित कई स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया। कलाकारों की प्रतिभा और दर्शकों के उत्साह से पूरा पांडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देना निगम की विशेष पहल।
निगम महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि नगर निगम द्वारा दीपावली मेले में प्रतिवर्ष स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाता है। इसका उद्देश्य शहर के उभरते कलाकारों को उचित मंच उपलब्ध करवाना और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। इस मंच के माध्यम से कई कलाकारों को अपनी कला को निखारने और बड़े मंचों तक पहुंचने का अवसर मिलता है।
मेले में झूलों, खानपान और विभिन्न राज्यों के उत्पादों की दुकानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। टाउन हॉल परिसर में की गई आकर्षक विद्युत सज्जा, भव्य मंच और एलईडी स्क्रीन ने कार्यक्रम की रौनक को और बढ़ा दिया।
सोमवार को भी स्थानीय उभरते सितारों को मिलेगा मौका।
दीपावली मेला अधिकारी एवं निगम उपायुक्त हरि सिंह देवल ने बताया कि नगर निगम द्वारा टाउन हॉल में आयोजित हो रहे दीपावली मेले में सोमवार को भी स्थानीय उभरते सितारों को अपनी प्रतिभाओ की प्रस्तुतियां प्रस्तुत करने हेतु मौका दिया जाएगा।
आज स्टैंडअप कॉमेडी स्टार गौरव गुप्ता शहर वासियों को गुदगुदाएंगे।
मेला संयोजक प्रमोद सामर ने बताया कि नगर निगम द्वारा आयोजित विश्वप्रसिद्ध दीपावली मेले में आज शहरवासियों के मनोरंजन के लिए खास कॉमेडी नाइट का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर देश के लोकप्रिय स्टैंडअप कॉमेडियन गौरव गुप्ता अपनी शानदार हास्य प्रस्तुतियों के साथ टाउन हॉल के मंच पर दर्शकों के बीच होंगे। गौरव गुप्ता अपनी सहज, चुटीली और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी हास्य शैली के लिए पहचाने जाते हैं। उनकी प्रस्तुतियों में आम जीवन के अनुभव, पारिवारिक किस्से, सामाजिक परिस्थितियां और मजेदार घटनाएं हास्य का ऐसा रंग भरती हैं कि दर्शक हंसी के ठहाके लगाने लगते हैं। उनकी खास अंदाज में की गई कॉमिक टाइमिंग और मजेदार पंचलाइन दर्शकों को खूब गुदगुदाती हैं। दीपावली मेले की इस कॉमेडी नाइट में शहरवासियों को हंसी और मनोरंजन से भरपूर यादगार शाम बिताने का अवसर मिलेगा।