गांधी जयंती पर 1 से 8 अक्टूबर तक गांधी भवन में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
हरदोई। आगामी गांधी जयंती के अवसर पर स्थानीय गांधी भवन में 1 से 8 अक्टूबर तक विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर बुधवार को नगर मजिस्ट्रेट एवं महात्मा गांधी जनकल्याण समिति के सचिव संजय कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में समिति के विशेष पोस्टरों का लोकार्पण किया।
इस वर्ष कार्यक्रमों को बाल-केंद्रित और आकर्षक बनाने के लिए दो नई प्रतियोगिताएं ‘बेबी शो’ और ‘ट्राई साइकिल रेस’ भी शामिल की गई हैं। इन प्रतियोगिताओं से संबंधित पोस्टरों का भी नगर मजिस्ट्रेट द्वारा विमोचन किया गया।
समिति के अनुसार 1 से 8 अक्टूबर तक गांधी भवन में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों, युवाओं और आमजन को महात्मा गांधी के विचारों एवं आदर्शों से जोड़ना है।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने जनपदवासियों, कलेक्ट्रेट कर्मियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रमों का समापन 8 अक्टूबर को गांधी भवन में होगा। इसी दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
पोस्टर लोकार्पण के अवसर पर दीनदयाल वर्मा लल्लू दादा, विजय मिश्रा, जोगिंदर गांधी, करुणा शंकर, मनीष मिश्रा सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Sep 30, 2026