गौसगंज में पेड़ों की कटान का आरोप, वन विभाग से जांच और कार्रवाई की मांग
गौसगंज-हरदोई। वन रेंज कछौना और थाना कासिमपुर क्षेत्र के गौसगंज-बेहसार मार्ग के किनारे खड़े कई पेड़ों की कथित कटान का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने नसीम, वसीम, जाहिद आदि पर पेड़ों को आरा चलाकर काटने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे खड़े कई पेड़ों को कथित रूप से काटा गया है। मामले में स्थानीय लोगों ने वन विभाग और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक यदि पेड़ों की कटान बिना वैध अनुमति के की गई है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर कटे हुए पेड़ों की संख्या, प्रजाति और कटान की वैधता की जांच कराने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पेड़ों की कटान के लिए अनुमति ली गई थी या नहीं और नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि यदि कटान अवैध था तो संबंधित विभाग को इसकी जानकारी थी या नहीं।
वन विभाग की जांच के बाद ही मामले में वास्तविक जिम्मेदारी तय हो सकेगी। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने और भविष्य में अवैध पेड़ कटान पर रोक लगाने की मांग की है।
Bilgram, Hardoi | Sep 30, 2026