खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने जिले में सघन निरीक्षण अभियान जारी
#मनासा एवं #जावद में जांच हेतु छः प्रतिष्ठानों से लिए गए 31 नमूने
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश भोपाल एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग एवं नगरीय निकायों के संयुक्त दल द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में मनासा एवं जावद में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण कर मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 31 नमूने जांच हेतु लिए गए।
मनासा में तीन प्रतिष्ठानों से लिए 15 नमूने
एसडीएम मनासा के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने महेश्वरम कॉलोनी स्थित गोपी स्वीट्स, मंदसौर नाका स्थित श्री बालू स्वीट्स एंड नमकीन तथा बैरागी भोजनालय का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गोपी स्वीट्स से मावा, गुलाब जामुन, क्रीम बर्फी, केसर बर्फी एवं पनीर के कुल पांच नमूने लिए गए। इसी प्रकार श्री बालू स्वीट्स एंड नमकीन से मावा, मिल्क केक, मावा बर्फी, चॉकलेट बर्फी एवं काजू मिठाई के पांच नमूने तथा बैरागी भोजनालय से अन्नपूर्णा ब्रांड के मैसूर पाक, गुलाब जामुन, मावा लड्डू, मोतीचूर लड्डू एवं मावा बर्फी के पांच नमूने जांच हेतु लिए गए।
इस दौरान नगर पालिका द्वारा गोपी स्वीट्स एवं श्री बालू स्वीट्स एंड नमकीन पर 2-2 हजार रुपये का स्पॉट फाइन किया गया। वहीं, बैरागी भोजनालय में दूध का टेस्टिंग किट से परीक्षण किया गया, जिसमें हानिकारक पदार्थों की मिलावट नहीं पाई गई।
जावद में तीन प्रतिष्ठानों से लिए 16 नमूने
अनुविभागीय दंडाधिकारी जावद श्री संजीव साहू के मार्गदर्शन में स्थानीय प्रशासन एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान मीना मिष्ठान भंडार से बेसन चक्की, काजू कतली, मूंगफली तेल, मावा लड्डू, सेव नमकीन एवं मावा बर्फी सहित कुल छह नमूने लिए गए। शानू रेस्टोरेंट एवं मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी, गुलाब जामुन, चॉकलेट बर्फी, बालूशाही एवं मलाई बर्फी के पांच नमूने तथा जापत स्वीट्स से मावा, मावा बर्फी, बेसन चक्की, गुलाब जामुन एवं इमरती के पांच नमूने जांच हेतु लिए गए।
भोपाल प्रयोगशाला भेजे गए नमूने
मनासा में लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह हिल्स भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मनासा की कार्रवाई में तहसीलदार श्री अजेंद्र नाथ , नगर पालिका सीएमओ एवं उनकी टीम उपस्थित रही।वहीं,जावद में नायब तहसीलदार श्री नवीन छल्लोत्रे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री यशवंत शर्मा एवं दल के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
त्योहारों के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#neemuch #नीमच
Neemuch, Madhya Pradesh | Nov 4, 2026