कायाकल्प योजना में तेजी, 5 नवंबर तक पूरे होंगे प्राथमिकता वाले कार्य
जहानाबाद : जिले में कायाकल्प योजना के तहत चलने वाले विकास कार्यों में तेजी लाने को लेकर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने मंगलवार को समीक्षा बैठक की। समाहरणालय में हुई बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। डीएम ने सभी प्रस्तावित योजनाओं की पोर्टल पर प्रविष्टि शीघ्र पूरा करने के साथ तकनीकी व प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया।
बैठक में विद्यालयों के रंग-रोगन व जीर्णोद्धार, अस्पताल एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा सरकारी व सामुदायिक भवनों से जुड़े कायाकल्प कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि जिन योजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है, उनमें अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। 5 नवंबर 2026 तक पूर्ण किए जाने वाले कार्यों को तत्काल शुरू कराने का निर्देश दिया गया, ताकि निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा हो सके।
विद्यालयों से संबंधित योजनाओं में प्रधानाध्यापकों और संबंधित समितियों के साथ समन्वय कर आवश्यक अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं की सूची की भी समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। ग्राम सभाओं से पूर्व में अनुमोदित योजनाओं की लंबित प्रक्रियाएं भी शीघ्र पूरी करने को कहा गया।
डीएम ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से लंबित प्रविष्टि, स्वीकृति और अन्य प्रक्रियाओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले सप्ताह से कायाकल्प योजना के कार्यों की नियमित समीक्षा होगी। बैठक में सभी अंचल अधिकारी, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।