घने कोहरे में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को वाहनों पर लगाए गए रिफ्लेक्टिव टेप
जहानाबाद : पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देश पर पुलिस केंद्र, जहानाबाद में घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वाहनों पर रेडियम एवं रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण लगाए गए।
पुलिस के अनुसार, रिफ्लेक्टिव टेप लगे वाहन घने कोहरे और कम रोशनी में भी करीब 100 से 150 मीटर की दूरी से स्पष्ट दिखाई देते हैं। इससे पीछे या सामने से आ रहे वाहन चालकों को वाहन की स्थिति, दिशा और दूरी का बेहतर अनुमान लगाने में मदद मिलती है। इसके कारण सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सकता है।
पुलिस ने वाहन मालिकों और चालकों से अपने वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप तथा आवश्यक सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से लगवाने की अपील की है। विशेषकर कोहरे के मौसम में वाहन चलाते समय निर्धारित गति का पालन करने, पर्याप्त दूरी बनाए रखने और वाहन की रोशनी एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच करने पर भी जोर दिया गया।
जहानाबाद पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वाहन चालक सावधानी बरतकर स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं। जहानाबाद पुलिस आम लोगों की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।