सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड से घंटों गायब रहे डॉक्टर, उपाधीक्षक ने संभाली व्यवस्था; दोनों डॉक्टरों पर होगी कार्रवाई
जहानाबाद। सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई, जब इमरजेंसी वार्ड में घंटों तक डॉक्टरों के मौजूद नहीं रहने की शिकायत सामने आई। इससे इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मामले की सूचना मिलते ही अस्पताल उपाधीक्षक मौके पर पहुंचे और स्वयं व्यवस्था संभालते हुए मरीजों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की।
अस्पताल उपाधीक्षक ने बताया कि घटना के समय इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर सुनील कुमार राय और डॉ. उदय शंकर की ड्यूटी निर्धारित थी। इसके बावजूद दोनों डॉक्टरों के अनुपस्थित रहने की बात सामने आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और दोनों डॉक्टरों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद सदर अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था और डॉक्टरों की ड्यूटी के प्रति जवाबदेही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मरीजों के परिजनों ने भी अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की जरूरत बताई।