हरदोई नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों के वेतन-भत्तों की मांग पर सभासदों का धरना, अध्यक्ष के आश्वासन पर खत्म
हरदोई। नगर पालिका परिषद हरदोई में सफाई कर्मचारियों के वेतन और भत्तों की मांग को लेकर बुधवार को सभासदों ने धरना दिया। इस दौरान सभासदों ने अधिशासी अधिकारी के प्रति नाराजगी जताते हुए कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग उठाई।
धरने की सूचना पर नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभासदों से बातचीत कर उनकी मांगों को सुना। अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि बुधवार शाम तक सफाई कर्मचारियों के खातों में धनराशि स्थानांतरित कर दी जाएगी। साथ ही अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं पर भी विचार करने की बात कही।
नगर पालिका अध्यक्ष के आश्वासन के बाद सभासदों ने धरना समाप्त कर दिया।
रिपोर्ट: देवेंद्र सिंह
Bilgram, Hardoi | Oct 15, 2026