दो बार संभावित लाभार्थी बनी महिला, फाइनल सूची से नाम गायब होने पर उठे सवाल
संतकबीर नगर। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का लाभ पाने के लिए एक महिला ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। मामला बेलहर विकासखंड के ग्राम पंचायत बरगदवा अंतर्गत ग्राम कुलड़िया का है, जहां निवासी आशा देवी पत्नी चंद्रभान ने आवास योजना में उन्हें अपात्र किए जाने पर सवाल उठाए हैं।
आशा देवी का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत उनका दो बार संभावित लाभार्थी के रूप में चयन किया गया, लेकिन फाइनल सूची जारी होने के दौरान उनका नाम अपात्र कर दिया गया। उनका आरोप है कि उन्हें अपात्र किए जाने का स्पष्ट और उचित कारण भी नहीं बताया गया, जबकि उनके पास रहने के लिए पक्का और उपयुक्त आवास नहीं है।
महिला के मुताबिक, उन्होंने इस मामले को लेकर 17 अगस्त 2026 और 5 सितंबर 2026 को तहसील दिवस में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
आशा देवी ने ग्राम प्रधान पर आवास दिलाने के नाम पर ₹4 हजार लेने और बाद में धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।