दुमका में सरकारी जमीन और सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण का आरोप, 6 महीने बाद भी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी
दुमका। सदर प्रखंड के मौजा बागनोचा राखाबनी (घाट रसिकपुर) में सरकारी जमीन एवं सार्वजनिक रास्ते पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने अनुमंडल पदाधिकारी, दुमका से शिकायत करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार, खाता संख्या 216 और दाग संख्या 674 की सरकारी भूमि एवं सार्वजनिक रास्ते पर शशि सिंह, पिता स्वर्गीय बलराम सिंह द्वारा अतिक्रमण किए जाने की शिकायत पहले भी की गई थी।
आवेदन के मुताबिक, अनुमंडल पदाधिकारी ने 8 जनवरी 2026 को पत्रांक-08 के माध्यम से मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए अंचल अधिकारी, दुमका को निर्देश दिया था। इसके बाद अंचल कार्यालय की ओर से 5 जून 2026 को प्रशासनिक नोटिस जारी कर संबंधित पक्षों को 16 जून 2026 को भूमि संबंधी अभिलेखों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था।
ग्रामीणों का आरोप है कि अंचल अमीन एवं राजस्व कर्मियों की जांच में विपक्षी पक्ष द्वारा संबंधित भूमि के अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए और न ही अपना पक्ष रखने के लिए कार्यालय में उपस्थित हुए। इसके बावजूद अब तक न तो अंतिम कार्रवाई हुई और न ही अनुमंडल कार्यालय को स्पष्ट जांच प्रतिवेदन भेजा गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि लंबित जांच प्रतिवेदन तत्काल मंगाकर सरकारी अमीन से स्थल की दोबारा मापी एवं सीमांकन कराया जाए। यदि जमीन सरकारी या सार्वजनिक रास्ता पाई जाती है, तो नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अब देखना होगा कि ग्रामीणों की इस शिकायत पर जिला प्रशासन और अंचल कार्यालय कब तक ठोस कार्रवाई करते हैं।
#DumkaNews #JharkhandNews #Dumka #GovernmentLand #Encroachment #PublicRoad #SanthalParganaKhabar