आयुष्मान दिवस पर जिला चिकित्सालय में हितग्राहियों को मिले आयुष्मान कार्ड
==
जिले में 9 लाख 38 हजार 216 कार्ड बने,
=
70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को भी स्वास्थ्य सुरक्षा कवच
===
बीमारी के समय उपचार के खर्च की चिंता कम करने में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए मजबूत सहारा बनी है। आयुष्मान दिवस के अवसर पर आज जिला चिकित्सालय में कार्यक्रम आयोजित कर हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने योजना के लाभों की जानकारी दी। बताया गया कि जिले में अब तक 9 लाख 38 हजार 216 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। जिला चिकित्सालय दमोह में 81000 लाभार्थियों को लगभग 135 करोड़ राशि तक का इलाज निःशुल्क मुहैया कराया जा चुका है ।
भारत सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना के तहत 27 चिकित्सा विशेषज्ञताओं में 1,961 उपचार प्रक्रियाओं के माध्यम से उपचार की सुविधा बनाई गई है।
आयुष्मान भारत में परिवार को रू 5 लाख का स्वास्थ्य कवच
डॉ. चटर्जी ने बताया कि आयुष्मान भारत के तहत पात्र परिवार को प्रतिवर्ष रू 5 लाख तक का स्वास्थ्य कवरेज मिलता है। वहीं 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड के माध्यम से प्रति परिवार रू 5 लाख तक का स्वास्थ्य कवरेज मिलता है, जिसमें आय वर्ग की बाध्यता नहीं है। अर्थात आयुष्मान भारत में सुरक्षा कवच परिवार के लिए, जबकि वय वंदना में 70$ वरिष्ठ नागरिक के लिए व्यक्तिगत रूप से उपलब्ध है।
कार्यक्रम के दौरान 5 हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से हेल्थ आईडी (आभा आईडी) बनाकर दी गई। डाँ चटर्जी ने बताया कि इससे स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने और आवश्यकता के समय उपचार में उपयोग करने में सुविधा मिलती है। आयुष्मान दिवस पर नागरिकों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के साथ डिजिटल स्वास्थ्य पहचान के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।
34 views | Damoh, Madhya Pradesh | Sep 23, 2026