‘मेरे सपनों का भारत’ में बच्चों ने शब्दों और रंगों से सजाए सपने, 42 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
जहानाबाद : ‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान के तहत सोमवार को अब्दुल बारी नगर भवन (टाउन हॉल) में जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जिले के सातों प्रखंडों से प्रखंड स्तर पर चयनित 42 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इनमें 21 ने भाषण और 21 प्रतिभागियों ने चित्रकला प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। भाषण प्रतियोगिता में प्लस टू प्रवेशिका विद्यालय, शकुराबाद की बबली निगम प्रथम, यूएमएस चरूई की रागिनी कुमारी द्वितीय और यूएचएस धाराउत के दिवाकर कुमार तृतीय रहे। चित्रकला में मध्य विद्यालय रूकूनपुरा की अंशु कुमारी प्रथम, मध्य विद्यालय शकूराबाद की गौरी रानी द्वितीय तथा मध्य विद्यालय श्रीविगहा की रितिका रॉय तृतीय स्थान पर रहीं।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और प्रतिभा गांव या शहर की मोहताज नहीं होती। नियमित विद्यालय आने से बच्चों को व्यावहारिक ज्ञान, सामाजिक संवाद और सीखने का बेहतर अनुभव मिलता है।
उन्होंने शिक्षा विभाग को प्रत्येक तीन माह पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित कराने का निर्देश दिया। मॉडल स्कूल क्विज के रिकॉर्डेड वीडियो सभी विद्यालयों में दिखाने को भी कहा। हाल में हुई जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में 2,769 बच्चों की सहभागिता को उन्होंने उत्साहजनक उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम के अंत में जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने विजेताओं को बधाई दी। सभी सफल एवं प्रतिभागी बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर डीपीओ गोविंद कुमार समेत शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, कर्मी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।