भारोत्तोलक खिलाड़ियों की समस्याओं से रूबरू हुईं डीएम, बेहतर प्रशिक्षण सुविधा देने का निर्देश
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने बुधवार को खेल भवन-सह-व्यायामशाला में खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर एवं एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के भारोत्तोलन खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा बेहतर प्रशिक्षण सुविधा और संसाधन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
संवाद के दौरान राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उज्जवल सिंह, पीयूष कुमार, आदित्य कुमार, हर्ष राज और मोनिका शर्मा तथा खेलो इंडिया प्रशिक्षक गिरिजेश कुमार ने प्रतियोगिता स्तर के बार्बेल व वेट प्लेट्स, छोटे वजन की प्लेट्स, प्रशिक्षण प्लेटफॉर्म, रबर मैट, हाइपर एक्सटेंशन मशीन, आरओ वाटर मशीन, एसी, बेहतर प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य उपकरण उपलब्ध कराने की मांग रखी।
चोट लगने की स्थिति में आइस पैक की जरूरत बताए जाने पर डीएम ने उसके सुरक्षित भंडारण के लिए रेफ्रिजरेटर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। खिलाड़ियों के पोषण को बेहतर बनाने के लिए जीविका दीदियों के माध्यम से स्प्राउट्स, केला और अंडा उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने की बात भी कही।
बैठक में एल्कम फार्मा के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। डीएम ने सीएसआर के माध्यम से खिलाड़ियों के लिए आवश्यक खेल उपकरण और अन्य सामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। प्रतिनिधियों ने शीघ्र आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
डीएम ने जिला खेल पदाधिकारी को खिलाड़ियों की समस्याओं और आवश्यकताओं की बिंदुवार सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर के करीब 40 बालक-बालिका खिलाड़ी, एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के दो खिलाड़ी समेत अन्य भारोत्तोलक उपस्थित रहे। उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा होमा इरफान, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी निपुण कुमारी, सहायक निदेशक विजेता रंजन, नमामि गंगे प्रभारी अमित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे।