**पूर्वी चंपारण जिला के 81 पंचायतों मे आयोजित हुआ सहयोग शिविर, जन समस्याओं का किया गया निराकरण
**हरसिद्धि प्रखंड के सोनबरसा में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी ने शिरकत कर जनता की सुनी समस्याएं
**सरकार जन समस्याओं के समाधान के लिए संकल्पित, "सरकार आपके द्वार” की अवधारणा को साकार कर रहा सहयोग शिविर
आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान तय सीमा में सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार के निर्देशानुसार पूर्वी चंपारण जिला के सभी 27 प्रखंडों के कुल 81 पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव ने हरसिद्धि प्रखंड के सोनबरसा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में शिरकत किए और आमजन की समस्याओं को सुना। उनके साथ शिविर में प्रखंड के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बड़ी संख्या में शिविर में आए हुए नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यकताओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि सहयोग शिविर का आयोजन राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है जिसमें आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही निराकरण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सचिव, प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना अध्यक्ष के स्तर की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है।
राज्य सरकार के सात निश्चय पार्ट 3 अंतर्गत "सबका सम्मान-जीवन आसान" निश्चय के तहत बिहार सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु गांव-गांव तक प्रशासनिक पहुंच सुनिश्चित कर रही है। सहयोग शिविर केवल समस्याओं के समाधान और योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम ही नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। जिला प्रशासन पूर्वी चंपारण इसको लेकर लगातार प्रयासरत है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
13 views | East Champaran, Bihar | Sep 15, 2026