मुख्यमंत्री के चंबा दौरे की तैयारियों को लेकर चुवाड़ी में बैठक, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने दिए अधिकारियों को निर्देश
यातायात, पार्किंग, पेयजल और निर्बाध बिजली व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस; जनसभाओं और ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम की तैयारियों पर भी हुई चर्चा
चुवाड़ी/चंबा, 31 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के जिला चंबा के विभिन्न क्षेत्रों में प्रस्तावित प्रवास कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शनिवार को उपमंडल मुख्यालय चुवाड़ी में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जनसभाओं के आयोजन, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता तथा कार्यक्रमों में पहुंचने वाले लोगों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए, ताकि कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति और पर्याप्त स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जनसभा स्थलों की व्यवस्था, ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के साथ मुख्यमंत्री के प्रस्तावित संवाद कार्यक्रम को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य वन निगम के निदेशक कृष्ण चंद चेला, एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुनाभ सिंह पठानिया सहित लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत, शिक्षा, कृषि और परिवहन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त एडीएम भरमौर, एसडीएम चुराह राजेश जरयाल तथा एसडीएम चंबा चिराग शर्मा वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित चंबा प्रवास को लेकर आयोजित इस बैठक में प्रशासनिक तैयारियों को प्रभावी बनाने और आम जनता की सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।
Tribal Live News
The Voice of tribal
Chamba, Chamba | Oct 31, 2026