सागर नाका स्थित कृषि उपज मंडी में बटरा चोरी करते हम्माल का वीडियो वायरल, किसान ने मोबाइल में किया रिकॉर्ड
किसानों की उपज की सुरक्षा पर उठे सवाल, मंडी प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग
दमोह। कृषि उपज मंडी दमोह में बटरा चोरी का मामला सामने आया है। यहां एक किसान ने हम्माल को कथित तौर पर बटरा चोरी करते हुए पकड़ लिया। किसान ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो आज शनिवार दोपहर 2 बजे से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद मंडी परिसर में किसानों की उपज की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। किसान मेहनत से तैयार की गई फसल को बेचने मंडी पहुंचते हैं, लेकिन परिसर में ही उपज सुरक्षित नहीं रहने की आशंका उनके लिए चिंता का विषय है।
मामले को लेकर अब मंडी प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। किसानों की मांग है कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित हम्माल के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही मंडी में उपज की सुरक्षा के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाए।
Damoh, Damoh | Nov 1, 2026