स्कूल चलो अभियान की जागरूकता रैली निकली, उत्कृष्ट विद्यालयों के प्रधानाध्यापक सम्मानित
हरदोई। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल चलो अभियान-2026 के द्वितीय चरण के अंतर्गत शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर से गांधी भवन तक जनजागरूकता रैली निकाली गई। अभियान का उद्देश्य 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना तथा स्कूल से बाहर बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लोगों को जागरूक करना रहा।
रैली का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, डायट प्राचार्य रमेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभास कुँवर श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी डी.एल. राना एवं रतन लाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रैली में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शिक्षा के महत्व का संदेश दिया तथा अभिभावकों से सभी बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने की अपील की। पूरे मार्ग में शिक्षा जागरूकता से जुड़े नारों की गूंज सुनाई दी।
प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभास कुँवर श्रीवास्तव ने कहा कि अभियान का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक पात्र बालक-बालिका को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध हो। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का निकटतम परिषदीय विद्यालय में नामांकन कराने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सर्वाधिक नामांकन वृद्धि करने वाले पांच विद्यालयों—बरसोहिया, गोंडाराव, काला आम, बसोहा सुमई और सहोरिया बुजुर्ग—के प्रधानाध्यापकों को मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ईएमआईएस इंचार्ज शैलेन्द्र कुमार, डीसी राहुल दुबे, एसआरजी आशीष कुमार मिश्र, समस्त एआरपी, अभय सिंह, शिव कुमार, पुष्पेन्द्र और अजीत शुक्ला सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को जलपान भी वितरित किया गया।
Bilgram, Hardoi | Jul 18, 2026