हरदोई-संडीला मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से शिक्षक की मौत
हरदोई। हरदोई-संडीला मार्ग पर बस अड्डा चौराहे के पास शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 51 वर्षीय शिक्षक की मौत हो गई। खाद से लदे ट्रक की टक्कर से शिक्षक की जान चली गई, जबकि बाइक पर उनके साथ मौजूद बेटा बाल-बाल बच गया।
मृतक की पहचान विजय के रूप में हुई है। वह बेनीगंज स्थित गांधी इंटर कॉलेज में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, स्कूल से लौटने के बाद उनका बेटा यश उन्हें बाइक से लेने गया था। इसके बाद दोनों दोबारा सब्जी लेने के लिए उन्नाव रोड की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान हरदोई रोड की ओर से आ रहे खाद से लदे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षक ट्रक के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में बाइक पर मौजूद उनका बेटा यश बाल-बाल बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Bilgram, Hardoi | Nov 20, 2026