हरदोई: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, डीएम ने कलेक्ट्रेट में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का किया शुभारंभ
मतदाता खुद ईवीएम से वोट डालकर समझ सकेंगे मतदान प्रक्रिया, वीवीपैट से भी कर सकेंगे मत की पुष्टि
हरदोई। उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को लेकर जिला प्रशासन ने मतदाता जागरूकता की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 20 नवंबर को कलेक्ट्रेट परिसर में जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से स्थापित ईवीएम एवं वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र का जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने शुभारंभ किया।
शुभारंभ के बाद जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण के लिए स्थापित ईवीएम मशीन के माध्यम से मतदान की पूरी प्रक्रिया को समझा। उन्होंने स्वयं वोट डालकर वीवीपैट की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया।
मतदान प्रक्रिया को लेकर दूर होगा भ्रम
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदर्शन केंद्र स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य आम मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली की प्रत्यक्ष जानकारी देना है, ताकि मतदान के समय किसी प्रकार का भ्रम या संशय न रहे। यहां कोई भी मतदाता आकर ईवीएम से मतदान करने की प्रक्रिया समझ सकता है और स्वयं मशीन पर वोट डालकर इसका अनुभव भी कर सकता है।
उन्होंने बताया कि वीवीपैट से निकलने वाली पर्ची के माध्यम से मतदाता अपने मत की पुष्टि कर सकेंगे। केंद्र पर प्रशिक्षित कार्मिकों द्वारा ईवीएम से संबंधित आवश्यक जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
तहसील, ब्लॉक और विद्यालयों में भी चलेगा जागरूकता अभियान
जिलाधिकारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट स्थित प्रदर्शन केंद्र के साथ ही जनपद की विभिन्न तहसीलों, ब्लॉक कार्यालयों और विद्यालयों में भी ईवीएम एवं वीवीपैट को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने जा रहे मतदाताओं से अपील की कि वे प्रदर्शन केंद्र पर पहुंचकर मतदान की प्रक्रिया को समझें और जागरूक मतदाता बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं।
ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था परखी
प्रदर्शन केंद्र के शुभारंभ के बाद जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण के लिए रखी गई ईवीएम मशीनों के वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों के संचालन की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और सीसीटीवी कैमरों को निरंतर संचालित रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Nov 20, 2026