जिला चम्बा में “सुरक्षित बचपन अभियान” के प्रथम चरण का समापन, चार जागरूकता शिविर आयोजित
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा द्वारा सप्ताहव्यापी गहन जागरूकता अभियान “सुरक्षित बचपन अभियान” के प्रथम चरण का समापन दिनांक 31 अक्टूबर, 2026 को चार जागरूकता शिविरों के आयोजन के साथ किया गया। ये शिविर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, करियां; राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, मेहला; राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, तीसा तथा गुरु नानक पब्लिक स्कूल, डलहौजी में आयोजित किए गए।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, करियां तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, मेहला में आयोजित दोनों शिविरों का संचालन श्री एकांश कपिल, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा द्वारा किया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, तीसा में आयोजित शिविर का संचालन श्री सुमित ठाकुर, सिविल जज-कम-ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, तीसा तथा गुरु नानक पब्लिक स्कूल, डलहौजी में आयोजित शिविर का संचालन श्रीमती मेघा शर्मा, सिविल जज-कम-ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, डलहौजी द्वारा किया गया।
शिविरों के दौरान विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (POCSO Act) के महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के शोषण की पहचान करने, उससे बचाव के उपाय अपनाने, व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना समय पर संबंधित प्राधिकारियों को देने के महत्व के बारे में बताया गया। इसके अतिरिक्त, ऑनलाइन सुरक्षा, डिजिटल माध्यमों के जिम्मेदार उपयोग तथा साइबर खतरों से बचाव के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।
विद्यार्थियों को शिकायत दर्ज करवाने के उपलब्ध माध्यमों, चाइल्ड हेल्पलाइन सेवाओं, निःशुल्क विधिक सहायता तथा विधिक सेवा प्राधिकरणों के माध्यम से उपलब्ध बाल-अनुकूल विधिक सेवाओं के बारे में भी अवगत करवाया गया। इस अवसर पर बच्चों के लिए सुरक्षित एवं संरक्षणपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने में अभिभावकों, शिक्षकों तथा समाज की सामूहिक भूमिका के महत्व पर भी बल दिया गया।
अभियान का प्रथम चरण राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) तथा हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (HPSLSA) के निर्देशों के अनुरूप सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। इसका उद्देश्य बच्चों में उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रत्येक बच्चे के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं संरक्षणपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में सामूहिक प्रयासों को सुदृढ़ करना है।
Chamba, Chamba | Oct 31, 2026