उदयपुर। दीपावली से ठीक पहले उदयपुर में एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया। शनिवार तड़के एमबी अस्पताल के सामने स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास बने विद्युत पोल में अचानक भीषण आग लग गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे जागरूक युवाओं—कपिल वसीटा और सचिन मावर—की नजर आग पर पड़ी। पेट्रोल पंप कर्मचारियों के गहरी नींद में होने के कारण युवाओं ने तुरंत मोर्चा संभाला। उन्होंने पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी और देरी होते देख पंप से फायर सेफ्टी सिलेंडर उठाकर खुद ही कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। सूचना के काफी देर बाद चेतक सर्कल से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, जिस पर युवाओं ने नाराजगी जताई। पेट्रोल पंप कर्मचारियों के अनुसार आग के ठीक पास ही पेट्रोल टैंक मौजूद था। यदि आग फैलती तो भारी जन-धन की हानि हो सकती थी। युवाओं की इस समझदारी और साहस की शहर में जमकर सराहना हो रही है।
#UdaipurNews #Udaipur #FireIncident #AwareCitizens #Bravery